पिपरिया में गुरुवार रात करीब पौने दस बजे तेज हवाओं के साथ शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने पूरे शहर को तरबतर कर दिया। मानसून की इस दूसरी जोरदार बारिश के दौरान आसमान में पांच बार बिजली कड़की। सुरक्षा के लिहाज से बिजली विभाग ने पूरे शहर की बत्ती गुल कर दी, जिससे हर तरफ ब्लैकआउट हो गया। बारिश की वजह से थमे मोहर्रम के कार्यक्रम, ताजियों का जुलूस रुका रात में हुई इस तेज बारिश के कारण मुस्लिम समाज के मोहर्रम पर्व की 9वीं तारीख के कार्यक्रमों में खलल पड़ गया और वे तय समय से लेट हो गए। इंतजामिया कमेटी के फहीम अब्दुल्ला और वसीम खान ने बताया कि कार्यक्रम और जुलूस की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जैसे ही बारिश थमेगी, वैसे ही सवारियां और ताजियों का पारंपरिक जुलूस निकाला जाएगा। फाल्ट सुधारने में जुटा अमला, जल्द आएगी बिजली बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तेज आंधी-तूफान और बारिश को देखते हुए एहतियात के तौर पर सप्लाई बंद की गई थी। मौसम खराब होने की वजह से कई जगह लाइनों में फाल्ट आया है। विभाग की तकनीकी टीम पेट्रोलिंग कर रही है और फाल्ट को दुरुस्त करते ही जल्द से जल्द शहर की बिजली सप्लाई चालू कर दी जाएगी। किसानों को धान की रोपाई में मिलेगी मदद पिपरिया इलाके में पिछले दो दिनों से रोज एक-दो घंटे पानी गिर रहा है। किसानों का कहना है कि यह बारिश उनकी धान की फसल के लिए बेहद फायदेमंद है, इससे खेतों में पानी जमा होने से धान की रोपाई का काम अब काफी आसान हो जाएगा।
