Homeमध्यप्रदेशपिछली दिवाली में चलाई कार्बाइड गन, मिला जिंदगीभर का अंधेरा:पढ़ाई छूटी, किसी...

पिछली दिवाली में चलाई कार्बाइड गन, मिला जिंदगीभर का अंधेरा:पढ़ाई छूटी, किसी के पिता कर्जदार बने, प्रतिबंध फिर भी 7 दिन में होम डिलीवरी

दिवाली पर रोशनी देखने और खुशियां मनाने की उम्र में ऋतिक, सत्येंद्र और कार्तिक के सामने सवाल है कि क्या वे फिर कभी पहले की तरह देख पाएंगे?
पिछले साल दिवाली पर कार्बाइड गन चलाने से तीनों की जिंदगी बदल गई। किसी की एक आंख की रोशनी चली गई, तो किसी की आंख गंभीर रूप से प्रभावित हुई।
परिवारों ने इलाज पर लाखों रुपए खर्च किए, कर्ज लिया, लेकिन रोशनी वापस नहीं लौटी। किसी को चेन्नई में इलाज कराने की सलाह मिली है, तो किसी के पिता के पास भोपाल आने तक के पैसे नहीं हैं।
दूसरी ओर, इस दिवाली को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्बाइड गन-लैम्प पर रोक, अवैध पटाखे रोकने के निर्देश दिए हैं। सबसे पहले तीन कार्बाइड पीड़ितों की जिंदगी- 1. ऋतिक की आंख की रोशनी गई, पिता कर्जदार शमशाबाद के धोबीखेड़ा गांव के ऋतिक अहिरवार की एक आंख की रोशनी पूरी तरह चली गई है। दूसरी आंख से भी कम दिखाई देता है।
पिता जसवंत सिंह के मुताबिक, दिवाली पर एक बच्चा बारूद वाली कार्बाइड गन चला रहा था। इसी दौरान गन की दिशा ऋतिक की आंख की तरफ हो गई और विस्फोट से उसे गंभीर चोट आई।
परिवार ऋतिक को इलाज के लिए भोपाल के एम्स, आनंदपुर और चित्रकूट ले गया। अब डॉक्टरों ने चेन्नई में इलाज कराने की सलाह दी है।
परिवार अब तक करीब ढाई लाख रुपए खर्च कर चुका है। मजदूरी करने वाले जसवंत सिंह पर लगभग एक लाख रुपए का कर्ज है।
आगे के इलाज पर दो से तीन लाख रुपए और खर्च होने की आशंका है। तीन बेटों में दूसरे नंबर के ऋतिक के पिता के लिए इतनी रकम जुटाना मुश्किल है।
ऋतिक ने सरकार से इलाज में मदद की अपील की है। गांव के लोगों ने भी सीएम से बेहतर इलाज की मांग की है। ऋतिक अब दूसरे बच्चों से भी कहता है कि वे बारूद वाली कुंडी और खतरनाक गन न चलाएं। 2. कार्बाइड गन से चोट, सत्येंद्र की पढ़ाई छूटी भिंड जिले की गोहद तहसील के कमलापुर गांव के 17 वर्षीय सत्येंद्र सिंह गुर्जर भी पिछले साल दिवाली पर हादसे का शिकार हुए। उन्होंने घर में पानी की बोतल से कार्बाइड गन बनाई थी। कैल्शियम कार्बाइड डालकर चलाने के दौरान धमाका हुआ और निकले कण उनकी आंख में जा लगे।
परिजन उन्हें पहले ग्वालियर के निजी अस्पताल और फिर भोपाल एम्स ले गए। कई महीने इलाज चला, लेकिन उनकी एक आंख की रोशनी करीब 90% तक प्रभावित हो गई। आज भी वह उस आंख से नहीं देख पाते।
चोट और लंबे इलाज के कारण उनकी पढ़ाई भी छूट गई। अब सत्येंद्र अपनी आपबीती से दूसरों को जागरूक कर रहे हैं। उनकी अपील है कि दिवाली पर सुरक्षा का ध्यान रखें और बच्चों को कार्बाइड गन जैसे देसी विस्फोटक उपकरणों से दूर रखें। 3. यूट्यूब पर वीडियो देख बनाई गन, कार्तिक की आंख में चोट नर्मदापुरम के सोहागपुर में रेलवे स्टेशन के पास रहने वाले 14 वर्षीय कार्तिक कुशवाह की एक आंख की रोशनी भी हादसे के एक साल बाद नहीं लौटी है। पिता मुकेश कुशवाह मजदूरी करते हैं। उनके दो बेटे हैं।
मुकेश के मुताबिक, कार्तिक ने यूट्यूब पर कार्बाइड गन बनाने के वीडियो देखे थे।
वह बाजार से कार्बाइड लाया और खाली डिब्बे से गन बनाकर चलाने लगा। शाम को उसने डिब्बे की जगह प्लास्टिक की बोतल रख दी। धुआं नहीं निकला, तो वह झुककर देखने लगा। इसी दौरान धमाका हुआ और उसकी आंख में गंभीर चोट आई।
रात करीब 11 बजे परिवार उसे निजी अस्पताल ले गया। शुरुआती इलाज के बाद दिवाली पर एम्स भोपाल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने चेन्नई में इलाज कराने की सलाह दी है।
पिता के मुताबिक, वहां एक अन्य बच्चे के इलाज पर करीब 1.20 लाख रुपए खर्च हुए थे। कार्तिक के इलाज पर भी इतनी या इससे ज्यादा रकम लग सकती है।
मजदूरी से घर चलाने वाले मुकेश के लिए भोपाल आने का खर्च जुटाना ही मुश्किल है। चेन्नई में इलाज कराना उनके लिए बड़ी चुनौती है। अब जानिए प्रशासन और सरकार का रूख…
एम्स की सलाह: आंख में चोट लगे तो तुरंत अस्पताल जाएं एम्स भोपाल ने दिवाली पर कार्बाइड गन और देसी विस्फोटक उपकरणों से दूर रहने की एडवाइजरी जारी की है। इनके विस्फोट से आंख, चेहरा, हाथ और कान में गंभीर चोट लग सकती है। जलने और स्थायी शारीरिक अक्षमता का खतरा भी रहता है। अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की गई है।
एम्स के मुताबिक, आंख में चोट लगने पर उसे रगड़ें नहीं और बिना डॉक्टर की सलाह के कोई दवा न डालें। तुरंत नेत्र विशेषज्ञ या अस्पताल पहुंचें। जलने पर प्रभावित जगह को साफ बहते पानी से करीब 20 मिनट ठंडा करें। बेहोशी, अत्यधिक रक्तस्राव, सांस लेने में परेशानी या गंभीर चोट की स्थिति में तत्काल आपातकालीन चिकित्सा सहायता लें। मुख्यमंत्री के निर्देश: कार्बाइड गन पर रोक लगाएं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को मंत्रालय में वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए कलेक्टरों, कमिश्नरों, एसपी और आईजी को कानून-व्यवस्था के लिए पहले से तैयारी करने को कहा।
अवैध पटाखा, कार्बाइड गन की बिक्री और विस्फोटक सामग्री के भंडारण पर रोक लगाने, संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने और सार्वजनिक स्थानों पर गश्त करने के निर्देश दिए। वो हकीकत जो नहीं बदली है…
ऑनलाइन वीडियो और ई-कॉमर्स साइट पर बिक्री कार्बाइड गन के खतरों के बावजूद इंटरनेट पर इन्हें बनाने के वीडियो उपलब्ध हैं। ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी ऐसे उपकरणों की बिक्री की जानकारी सामने आई है।
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, पिछले साल मध्यप्रदेश में कार्बाइड गन से आंखों को नुकसान पहुंचने के करीब 300 मामले सामने आए थे।
कार्बाइड गन को आर्म्स एक्ट की श्रेणी में शामिल किया गया है और इसकी खरीद-बिक्री पर कार्रवाई हो सकती है। भास्कर ने किया रियलिटी चेक
दैनिक भास्कर ने एक ई-कॉमर्स साइट से कार्बाइड पाइप गन बुक कर रियलिटी चेक किया। साइट पर इसे बंदर भगाने वाले उपकरण यानी ‘PVC Monkey Repeller Gun’ के नाम से बेचा जा रहा है। अमेजन, फ्लिपकार्ट और ई-बे जैसे प्लेटफॉर्म पर इसकी कीमत ढाई हजार रुपए तक बताई गई। डिलीवरी के लिए पांच से सात दिन का समय दिए जाने का दावा है। यानी ऑनलाइन इस गन पर प्रतिबंध नजर नहीं आया।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here