गुना सिटी कोतवाली क्षेत्र में नाबालिग के साथ छेड़छाड़ और शोषण का मामला सामने आया है। लंबे समय से प्रताड़ित हो रही पीड़िता ने सोमवार रात हिम्मत जुटाकर चाइल्ड हेल्प लाइन पर सूचना दी, मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान फिरोज सलीम खान के रूप में हुई है, जो पीड़िता के पिता का दोस्त है। आपत्तिजनक वीडियो बनाकर डरा रहा था आरोपी का परिवार में आना-जाना था और इसी भरोसे का फायदा उठाकर वह नाबालिग से गलत हरकत करता था। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि दिसंबर 2025 में एक यात्रा के दौरान आरोपी ने उसके साथ गलत हरकत की थी। डर के कारण तब चुप रही। इसके बाद वह मानसिक रूप से उसे प्रताड़ित करने लगा। पीड़िता के अनुसार- आरोपी ने नहाते समय उसका वीडियो बना लिया और उसी के आधार पर डराकर मिलने के लिए मजबूर करने लगा। घर आने पर भी वह बुरी नजर रखता और मौका मिलते ही गलत तरीके से छूने की कोशिश करता था। इस वजह डर और तनाव में जीने लगी। पीड़िता पिता, दादी के साथ रहती है मामला तब सामने आया जब पीड़िता ने साहस दिखाते हुए सोमवार देर शाम भोपाल चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) पर कॉल किया। बच्ची की आपबीती सुन चाइल्ड लाइन से गुना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस बच्ची के घर पहुंची। दोनों बहनों को सुरक्षित कोतवाली लाया गया। यहां पीड़िता ने रोते हुए पूरी आपबीती बताई। इसके बाद पुलिस ने रात करीब 2 बजे आरोपी फिरोज सलीम खान को उसके घर से गिरफ्तार किया। बच्ची ने पुलिस को बताई आपबीती.. 16 साल की बच्ची अपने पिता, दादी और छोटी बहन (7 वर्ष) के साथ रहती है। 16 साल की पीड़िता ने बताया कि मैं अपनी 7 साल की छोटी बहन, पिता और दादी के साथ रहती हूं। मेरे पिता और मम्मी की नहीं बनती थी। इस वजह से मां-पापा अलग हो गए। 8 साल पहले मम्मी हमें छोड़कर ग्वालियर चली गई। फिरोज अंकल मेरे पिता के दोस्त हैं। इसी वजह से उनका हमारे घर आना-जाना लगा रहता है। 25 दिसंबर 2025 की बात है। मैं, मेरे पापा, बहन, पापा के एक दोस्त, फिरोज अंकल, उनकी पत्नी और बच्चे कोटा गए थे। फिरोज अंकल की पत्नी और बच्चे कोट में रुक गए, बाकी हम सब वापस गुना लौट आए। मैं और मेरी बहन सबसे पीछे वाली सीट पर बैठे थे। पापा और उनके एक दोस्त सबसे आगे बैठे थे। बीच में फिरोज अंकल बैठे थे। फिरोज चाचा ने मुझे पीछे की सीट पर से बुरी नियत से सीने पर छुआ। मुझे अच्छा नहीं लगा तो मैंने अपने पापा से गाड़ी रुकवाई और मैं और मेरी बहन ड्राइवर के पास वाली सीट पर जाकर बैठ गए। हम घर आ गए, लेकिन डर के कारण यह बात किसी को नहीं बताई। एक दिन फिरोज अंकल घर आए और बोले- मेरे मोबाइल में तेरे नहाने का वीडियो है। यह कहते हुए उन्होंने मिलने का कहा और नहीं आने मिलने पर धमकी दी। जब भी घर आते मुझे बुरी नीयत से देखते। मैंने डर के कारण किसी को नहीं बताया। उनकी रोज-रोज की धमकी से परेशान होकर आखिरकार कॉल किया। डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रहे पुलिस ने मामले में विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से बच्ची को धमकाकर शोषण कर रहा था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। SP हितिका वासल ने बताया कि नाबालिग द्वारा सूचना दी गई थी कि उसके साथ कुछ गलत हरकतें, उसके पिता के दोस्त द्वारा की गई थीं। पुलिस ने इस मामले को पूरी गंभीरता से लेते हुए FIR दर्ज की है। आरोपी को पकड़ लिया गया है, जो भी वैधानिक कार्रवाई होगी, की जाएगी।
