इंदौर के शिवाजी मार्केट में 16 नवंबर को महाराष्ट्र के अकोला निवासी हेमंत सपकाल (29) का शव मिला था। वह उज्जैन में महाकाल दर्शन के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजन को खून से सना शव मिला। मुंह से खून निकल रहा था। परिजन ने हत्या कर नरबलि दिए जाने की आशंका जताई है। पैसों की बारिश कराने का लालच देकर हेमंत से अघोरी पूजा कराई गई। इसके बाद उसकी तीन उंगलियां काट दी गईं। हेमंत ने फोन पर बताया था कि कुछ लोग पीछे पड़े हैं। मुझे मार डालेंगे। 15 नवंबर को परिवार को किया था फोन परिजन के मुताबिक, 12 नवंबर को हेमंत घर से विवेक उर्फ विक्की शिंदे, अजय गायकवाड़ और एक अन्य व्यक्ति के साथ निकला था। परिवार का दावा है कि वे उसे पूजा कराने के लिए ले गए थे। घटना के समय उसके दोस्त भी साथ थे। परिजन ने बताया- 15 नवंबर को हेमंत ने फोन कर बताया था कि कुछ गुंडे उसके पीछे पड़े हैं। इसके बाद परिवार उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित था। अगले दिन उसकी मौत की खबर मिली। पुलिस को घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज मिले हैं। इनमें हेमंत अलग-अलग दिशाओं से भागकर एक बिल्डिंग में प्रवेश करता दिखाई दे रहा है। 15 नवंबर को रेलवे स्टेशन के CCTV फुटेज में भी वह नंगे पैर स्टेशन से बाहर निकलता दिखा। शिवाजी मार्केट की बिल्डिंग पर चढ़ा था युवक इसके बाद वह थाना क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर घूमता नजर आया। रात में वह शिवाजी मार्केट की बिल्डिंग पर चढ़ा और फिर ऊंचाई से नीचे गिर गया। अगले दिन उसका शव मिला। पोस्टमॉर्टम में ऊंचाई से गिरने के कारण शरीर पर चोटें आने की पुष्टि हुई है। परिवार का आरोप है कि विक्की नाम के व्यक्ति ने हेमंत को पैसों की बारिश कराने का झांसा दिया था। इसके बाद घंटों तक तंत्र क्रिया। अघोरी पूजा कराई गई। हेमंत की हत्या कर बलि चढ़ाए जाने का दावा किया। शरीर पर चोट के निशान और तीन उंगलियां कटी होने की बात भी कही है। तांत्रिक विवेक शिंदे के खिलाफ शिकायत महाराष्ट्र के अकोला में अखिल भारतीय अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति ने कथित तांत्रिक विवेक शिंदे के खिलाफ सिविल लाइन थाने में शिकायत दी है। समिति की जिला शाखा ने 20 नवंबर को आवेदन देकर आरोप लगाया कि मोठी उमरी निवासी विवेक शिंदे सोशल मीडिया पर अघोरी शक्तियों और तंत्र-मंत्र से जुड़े वीडियो प्रसारित कर रहा है। बच्चों को अघोरी पूजा के वीडियो दिखाने का आरोप शिकायत में लक्ष्मी नगर निवासी उर्मिला सपकाळ के दो बच्चों का भी जिक्र है। आरोप है कि विवेक शिंदे ने बच्चों को ऐसे वीडियो दिखाए, जिनमें वह श्मशान में अघोरी पूजा करते और हवा में नींबू घुमाते नजर आ रहा है। इन वीडियो के जरिए बच्चों के मन में डर पैदा कर उन्हें धमकाने का आरोप लगाया गया है। इलाके में डर और दहशत का माहौल बन रहा है। 2013 के कानून के तहत कार्रवाई की मांग समिति के मुताबिक, उर्मिला सपकाळ ने 19 नवंबर को इस मामले में पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। समिति ने महाराष्ट्र नरबलि और अन्य अमानवीय, अनिष्ट एवं अघोरी प्रथाओं तथा जादू-टोने पर प्रतिबंध संबंधी अधिनियम, 2013 के तहत मामला दर्ज करने, आरोपी को गिरफ्तार करने और सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस बोली- हर एंगल से जांच जारी है एडीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक, हेमंत तीन दोस्तों के साथ उज्जैन में महाकाल दर्शन करने आया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमॉर्टम कराया और CCTV फुटेज सहित तकनीकी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ऊंचाई से गिरने की घटना को आत्महत्या की आशंका से जोड़कर जांच कर रही है। परिजन के हत्या और नरबलि के आरोपों के साथ तंत्र क्रिया के पहलू की भी छानबीन की जा रही है। विक्की फिलहाल इंदौर में नहीं है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। ………………. यह खबर भी पढ़ें गड़े धन के लालच में कारोबारी की नरबलि मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में गड़े धन के लालच में कारोबारी की नरबलि का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक कथित तांत्रिक प्रहलाद साहू ने अपने बेटे टीकम साहू और साथी करीम खान के साथ मिलकर कारोबारी विजय जैन (42) की हत्या कर दी। पढ़ें पूरी खबर…
