पन्ना जिले के पहाड़ी खेरा रोड पर शुक्रवार को सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। ठाकुर बाबा मोड़ पर दो बाइकों की भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे गंभीर घायल रोहित आदिवासी (18) ने रीवा ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। मजदूरी कर घर लौटा था पहला मृतक हादसे में पहली मौत जित्तू रजक (25) की हुई थी, जो गिरवानी मोहल्ला का निवासी था। जित्तू जिले से बाहर मजदूरी करता था और कुछ दिन पहले ही अपने परिवार से मिलने घर आया था। वह अपने साथी रवि अहिरवार के साथ बाइक से लौट रहा था, तभी सामने से आ रहे रोहित और उसकी बहन उमा की बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। एम्बुलेंस में नागौद के पास तोड़ा दम रोहित के सिर और पैर में गंभीर चोटें होने के कारण डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक इलाज के बाद मेडिकल कॉलेज रीवा रेफर किया था। परिजन उसे एम्बुलेंस से रीवा लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में नागौद के पास उसकी हालत बिगड़ी और उसने दम तोड़ दिया। हादसे में जान गंवाने वाले दोनों मृतक अलग-अलग बाइकों पर सवार थे। हादसे में दो अन्य अब भी घायल इस भीषण टक्कर में रवि अहिरवार और उमा आदिवासी भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पहाड़ी खेरा रोड पर लगातार हो रहे इन हादसों ने स्थानीय लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मोड़ पर दोनों बाइकों की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक अपना संतुलन खो बैठे। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों में आक्रोश घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पहाड़ी खेरा रोड पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष सुनील टाइगर ने बताया कि इस सड़क पर हादसे बढ़ते जा रहे हैं।
