छत्तीसगढ़ के बेमेतरा में शनिवार रात पत्नी ने शराब पीने के लिए पैसे नहीं दिए तो नाराज पति 125 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घंटों तक उसका हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी समझाने के बाद युवक सुरक्षित नीचे उतर आया। मामला नांदघाट थाना क्षेत्र का है। बता दें कि हाल ही में टावर पर चढ़कर हाई वोल्टेज ड्रामा के 2 मामले सामने आ आए थे। 6 दिन पहले बिलासपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में भाई से विवाद के बाद युवक हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया था। वहीं, कोंडागांव सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में भी पत्नी और चाचा से झगड़े के बाद पति नशे में हाईटेंशन बिजली लाइन के टावर पर चढ़ गया था। देखिए पहले ये तस्वीरें… केस- 1 बेमेतरा में शराब के लिए ड्रामा पहली घटना बेमेतरा जिले के नांदघाट थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, बदनारा गांव निवासी सुरेश जोशी खेती-किसानी करता है। शनिवार शाम को उसने पत्नी से शराब पीने के लिए पैसे मांगे, लेकिन पत्नी पैसे देने से साफ इनकार दिया। इससे नाराज सुरेश गुस्से में घर से बाहर निकला और शाम करीब 7 बजे गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। कुछ ही देर में यह खबर पूरे गांव में फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीण उसे नीचे उतरने के लिए समझाने लगे। घटना की सूचना मिलते ही नांदघाट पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से सुरेश को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिश की। करीब 3 घंटे तक समझाने के बाद वह नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ। इसके बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। थाना प्रभारी लेखराम ठाकुर ने बताया कि सुरेश थोड़ा मानसिक रूप से अस्वस्थ है। वह शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच टावर पर चढ़ा था, उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। केस- 2 भाई से विवाद के बाद बिजली टावर चढ़ा युवक दूसरी घटना सिटी 6 दिन पहले कोतवाली थाना क्षेत्र की है। दयालबंद में दुर्गा मंदिर के पीछे रहने वाला कुंदन केसरी (32) प्राइवेट जॉब करता है। शनिवार को किसी बात को लेकर उसका अपने भाई से विवाद हो गया। इसके बाद वह नाराज होकर घर से निकल गया। कुछ देर बाद वह गुरु नानक स्कूल के पास अरपा नदी किनारे स्थित हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर बैठे देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। मोहल्ले के लोगों ने उसे नीचे उतरने के लिए काफी देर तक समझाया, लेकिन वह टावर से नीचे आने को तैयार नहीं था। पुलिस ने भी युवक से बातचीत कर उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह टावर पर ही बैठा रहा। करीब 2 घंटे तक समझाने के बाद मोहल्ले के 2 युवकों ने उससे बातचीत की और किसी तरह उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। पूछताछ के बाद परिजनों को सौंपा मौके पर पहुंची पुलिस की टीम युवक को थाने ले गई। वहां उससे पूछताछ की गई। युवक ने पुलिस को बताया कि भाई से विवाद होने के बाद वह नाराज होकर टावर पर चढ़ गया था। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे परिजनों के हवाले कर दिया। केस- 3 कोंडागांव में पत्नी से विवाद के बाद पति का ड्रामा तीसरी घटना 8 दिन पहले कोंडागांव के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। दरअसल, युवक का नाम संतोष कोर्राम (32) है। वह नशे का आदी है। करीब 2 साल पहले उसकी पहली पत्नी की मौत हो चुकी है। इसके बाद उसने अपनी साली से दूसरी शादी कर ली। संतोष मजदूरी करता है। शनिवार को संतोष कोर्राम का पत्नी और चाचा से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। विवाद के बाद वह नाराज होकर घर से निकला और पास ही स्थित 400 केवी हाईवोल्टेज लाइन के टावर पर चढ़ गया। युवक को इतनी ऊंचाई पर देखकर आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। पुलिस और राजस्व टीम ने समझाकर नीचे उतारा सूचना मिलते ही तहसीलदार मनोज रावटे के साथ पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। संतोष कोर्राम टावर पर काफी ऊंचाई पर था, इसलिए टीम ने बिना जल्दबाजी के उससे बातचीत शुरू की। अधिकारियों ने उसे शांत रहने और सुरक्षित नीचे आने के लिए समझाया। मौके पर मौजूद लोगों ने भी संतोष कोर्राम से बातचीत कर किसी तरह का गलत कदम नहीं उठाने की अपील की। काफी देर तक समझाने के बाद संतोष कोर्राम नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ। पुलिस और राजस्व टीम की मदद से उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। युवक बोला- मानसिक रूप से परेशान था युवक संतोष कोर्राम ने बताया कि घर में परेशानी और विवाद के कारण उसने यह कदम उठाया। उसने बताया कि चाचा और पत्नी के साथ विवाद के बाद वह मानसिक रूप से परेशान हो गया था। परिवार में लगातार विवाद होने से वह तनाव में था और इसी कारण टावर पर चढ़ गया। तहसीलदार मनोज रावटे ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है और वर्तमान में स्थिति सामान्य है। युवक पूरी तरह सुरक्षित है और किसी मेडिकल उपचार की जरूरत नहीं पड़ी है। ………………….. इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… बॉयफ्रेंड का मोबाइल बंद मिला तो टावर पर चढ़ी गर्लफ्रेंड,VIDEO: शादी कराने की जिद पर अड़ी, 4-5 घंटे चला हाई-वोल्टेज ड्रामा, पुलिस ने उतारा सूरजपुर जिले के चांदनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार (31 जुलाई) को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 20 वर्षीय युवती थाना परिसर में लगे रेडियो टावर पर चढ़ गई। युवती का आरोप है कि उसका प्रेमी उसे छोड़कर कई महीने पहले चला गया था। पढ़ें पूरी खबर…
