Homeमध्यप्रदेशनेपाल आपदा में रायसेन के दो युवक लापता:चार दिन से संपर्क नहीं...

नेपाल आपदा में रायसेन के दो युवक लापता:चार दिन से संपर्क नहीं हुआ; बाढ़ से पहले कैंप का वीडियो भेजा था

नेपाल में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन की त्रासदी के बीच रायसेन जिले के दो युवक अब भी लापता हैं। 26 अगस्त से दोनों युवकों का अपने परिवार से संपर्क नहीं हो पाया है। परिजन लगातार उनकी सलामती की खबर मिलने का इंतजार कर रहे हैं। परिवारों ने मध्यप्रदेश सरकार और प्रशासन से दोनों युवकों की तलाश कर उन्हें सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई है। लापता विशेष राजपूत, निवासी ग्राम मंजूस, सुल्तानपुर, ने बाढ़ आने के कुछ घंटे पहले अपने कैंप के ऊपर जाकर एक वीडियो बनाया था। इसमें कैंप के आसपास तेजी से बढ़ता बाढ़ का पानी दिखाई दे रहा है। वीडियो में यह भी नजर आ रहा है कि जिस स्थान पर युवक ठहरे हुए थे, वह गहरी खाई में बना हुआ है और पानी तेजी से कैंप की ओर बढ़ रहा था। विशेष ने यह वीडियो रायसेन में अपने परिजनों को भेजा था। दोनों नेपाल के रासुवा जिले में अपर त्रिशूली-1 हाइड्रो प्रोजेक्ट में काम कर रहे थे। वीडियो देखकर घबरा गए थे परिजन
परिजनों के मुताबिक वीडियो देखने के बाद उन्हें स्थिति की गंभीरता का अंदाजा हो गया था। इसके कुछ समय बाद ही दोनों युवकों से संपर्क टूट गया। 26 अगस्त के बाद से उनके मोबाइल बंद हैं। परिवार लगातार फोन और अन्य माध्यमों से संपर्क करने का प्रयास कर रहा है, लेकिन अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली। मंडीदीप निवासी लापता युवक हिमांशु शाक्या के भाई दीपांशु ने वीडियो जारी कर मध्यप्रदेश सरकार से मदद की अपील की है। उन्होंने सरकार से नेपाल प्रशासन से संपर्क कर अपने भाई और अन्य लापता युवकों की तलाश कराने तथा उन्हें सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई है। बहन बोली- पहली बार भाई को राखी नहीं बांध पाई
विशेष राजपूत की बहन ने भावुक होकर बताया कि इस बार रक्षाबंधन पर वह पहली बार अपने भाई की कलाई पर राखी नहीं बांध पाई। अब वह टकटकी लगाए भाई के फोन और उसके सुरक्षित लौटने का इंतजार कर रही है। परिवार को हर पल किसी अच्छी खबर की उम्मीद है। विशेष के परिजनों ने बताया कि उन्होंने कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। मामले की जानकारी संबंधित थाने में भी दी गई है। परिजन नेपाल में मौजूद संबंधित लोगों और अधिकारियों से भी जानकारी जुटाने की कोशिश कर रहे हैं।
छह युवकों में चार से हुआ संपर्क
कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि नेपाल में आई बाढ़ के दौरान रायसेन जिले के छह युवकों के लापता होने की जानकारी मिली थी। इनमें से चार युवकों से संपर्क हो चुका है, जबकि दो युवकों से अभी संपर्क नहीं हो पाया है। दोनों की जानकारी जुटाने के प्रयास किए जा रहे हैं। कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम को युवकों की कंपनी से संपर्क कर पूरी जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से नेपाल में संबंधित स्तर पर संपर्क कर लापता युवकों की तलाश की जानकारी लेने का प्रयास किया जा रहा है। एसपी आशुतोष गुप्ता ने कहा कि नेपाल में रायसेन जिले का कोई अन्य व्यक्ति लापता है तो उसके परिजन संबंधित थाने में पहुंचकर तत्काल सूचना दें। पुलिस और प्रशासन नेपाल सरकार से संपर्क कर लापता लोगों की तलाश और उनके संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहे हैं।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here