शिवपुरी में गुना बायपास रोड के पास शुक्रवार सुबह एक पटवारी के बेटे का शव मिला। शव पुल के नीचे नाले में पड़ा था। पास में ही उसकी बाइक भी बरामद हुई है। मृतक की पहचान 28 वर्षीय शिवम के रूप में हुई है। वह विवेकानंद कॉलोनी के रहने वाले थे और एक निजी सोलर कंपनी में नौकरी करते थे। उनके पिता ने बेटे की हत्या कर शव नाले में फेंकने का आरोप लगाया है। फिलहाल, हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामला गुना बायपास की थीम रोड पर श्रीराम धर्म कांटे के पास का है। बेटे का शव देखकर पिता बेहोश अस्पताल में भर्ती पिता सुरेश शर्मा के मुताबिक, शिवम गुरुवार शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद था। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। शुक्रवार सुबह कोतवाली पुलिस शिवम की गुमशुदगी दर्ज करने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को पुल के नीचे एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को शव के पास एक बाइक भी मिली। बेटे का शव देखकर पिता सुरेश शर्मा बेहोश हो गए। परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए, जहां उन्हें भर्ती कराया गया। शिवम की तीन साल पहले हुई थी शादी शिवम की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। पिता ने आशंका जताई है कि बेटे की हत्या कर शव नाले में फेंका गया है। हालांकि, शिवम की मौत किन हालात में हुई, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया है।
