मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। नरोत्तम बोले- पार्टी का निर्णय सिर-माथे पर दतिया उपचुनाव में पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिलने पर मचे बवाल के बीच वे भोपाल पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि पार्टी का फैसला उनके सिर-माथे पर है। हंगामा कर रहे समर्थकों को लेकर उन्होंने कहा कि उन्हें मना लिया जाएगा। नरोत्तम मिश्रा ने यह भी कहा कि वे भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के नामांकन में शामिल होंगे और उनके लिए प्रचार भी करेंगे। हालांकि उनके चेहरे पर वह उत्साह नजर नहीं आया, जिसके लिए वे अक्सर जाने जाते हैं। मीडिया के सवालों का भी उन्होंने कट-टू-कट जवाब दिया। ‘समुद्र का पानी उतरता देखकर किनारे पर घर मत बना लेना’- अपनी इस चर्चित शायरी को लेकर पूछे गए सवाल पर नरोत्तम मिश्रा मुस्कुराए और बोले कि अब आराम से किनारे पर घर बना लेना। पूर्व मंत्री इसके बाद सीएम हाउस भी गए, जहां उनकी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ बैठक हुई। बैठक में क्या चर्चा हुई, इसकी जानकारी सामने नहीं आई। हालांकि, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दतिया उपचुनाव में भाजपा की जीत का दावा किया है। विजयवर्गीय ने फिर दिखाया ‘दिग्विजय प्रेम’ मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह की तारीफ की है। विजयवर्गीय ने उन्हें इंटेलिजेंट और ब्रिलिएंट नेता बताया। विजयवर्गीय ने कहा कि कांग्रेस के युवा नेताओं को दिग्विजय सिंह से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने बिना नाम लिए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर भी तंज कसा। मंत्री ने कहा कि जो लोग साइकिल पर बैठकर रील बनाते हैं, उन्हें भी दिग्विजय सिंह से सीख लेनी चाहिए। दरअसल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय दिग्विजय सिंह की प्रस्तावित पदयात्रा को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि 80 साल की उम्र में भी दिग्विजय सिंह युवाओं की तरह सक्रिय हैं और काम कर रहे हैं। ऐसे प्रयास के लिए उन्हें शुभकामनाएं दी जानी चाहिए। भाजपा विधायक का मुखौटा लगाकर प्रदर्शन मंदसौर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। एक कार्यकर्ता ने भाजपा विधायक हरदीप सिंह डंग का मुखौटा पहनकर अधूरी पुलिया का सांकेतिक लोकार्पण कर दिया। दरअसल, जिले के सीतामऊ क्षेत्र में मध्य प्रदेश और राजस्थान को जोड़ने वाली एक पुलिया के निर्माण में हो रही लगातार देरी के विरोध में युवक कांग्रेस ने ये प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अधूरी पुलिया पर फीता काटा, नारियल फोड़ा और मिठाई बांटकर उसका प्रतीकात्मक ‘उद्घाटन’ किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुल का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा विधायक हरदीप सिंह डंग पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने पार्टी बदलने में तो देर नहीं लगाई, लेकिन पुलिया बनवाने में काफी देर कर रहे हैं। अब कांग्रेस के इस प्रदर्शन की चर्चा हो रही है। और अब अंदर की बात.. बेटे को प्रमोशन देने के लिए ताक पर नियम एक विभाग के इंजीनियर-इन-चीफ पर अपने बेटे को प्रमोशन दिलाने के लिए नियमों को ताक पर रखने के आरोप लग रहे हैं। उनका बेटा इसी विभाग में असिस्टेंट इंजीनियर है, जिसे वे एक्जीक्यूटिव इंजीनियर बनवाना चाहते हैं। इसके लिए अतिरिक्त पद सृजित कर बेटे को पदोन्नति देने की तैयारी किए जाने की चर्चा है। अब विभाग में इस पूरे मामले को लेकर खुसुर-फुसुर तेज हो गई है। इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), संतोष शितोले (इंदौर), शादाब चौधरी (मंदसौर)। ये भी पढ़ें… नरोत्तम के ‘दिल के अरमां’ आंसुओं में बह गए: फिर टूटी शिवराज सिंह की कसम दतिया उपचुनाव का ऐलान होते ही टिकट को लेकर आश्वस्त नरोत्तम मिश्रा चुनावी तैयारी में जुट गए। घर-घर दस्तक दी, लोगों की मान-मनौव्वल की और पिछली गलतियों पर माफी मांगी। लेकिन जैसा कि भाजपा अक्सर करती है, दतिया उपचुनाव के उम्मीदवार की घोषणा में चौंका दिया। नरोत्तम को नहीं, आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बना दिया। पढ़ें पूरी खबर…
