मंदसौर के पास मुल्तानपुरा में नमाज पढ़कर मस्जिद से निकले रईस पर गोली चलाने के आरोपी सादिक को वायडी थाना पुलिस ने शनिवार रात भुनियाखेड़ी फंटे से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल देसी पिस्टल जब्त की है। पूछताछ में सादिक ने बताया कि वह पिस्टल राजस्थान के भीलवाड़ा से लाया था। पुलिस वारदात में सहयोगी बताए जा रहे साबिर हड्डी की तलाश कर रही है। पुलिस ने मुल्तानपुरा निवासी सादिक पिता रसीद सुसाड़िया के खिलाफ केस दर्ज किया है। उसे आज (रविवार) कोर्ट में पेश किया जाएगा। घायल का अहमदाबाद में इलाज चल रहा
शुक्रवार देर शाम 30 वर्षीय रईस पिता बाबू कोड़ा नमाज पढ़कर मस्जिद से बाहर निकला था। इसी दौरान साबिर हड्डी ने उसे पकड़ा और सादिक ने देसी पिस्टल से गोली चलाई। गोली रईस के बाएं कंधे के ऊपर लगी। परिजन गंभीर हालत में रईस को जिला अस्पताल ले गए। प्राथमिक इलाज के बाद उसे रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहां से गोली नहीं निकलने पर उसे अहमदाबाद रेफर किया गया। फिलहाल उसका अहमदाबाद में इलाज चल रहा है। युवती से छेड़छाड़ पर विवाद चल रहा था
घटना के बाद रईस के भाई सद्दाम ने आरोप लगाया था कि सादिक ने पहले उसके परिवार में किसी युवती से छेड़छाड़ की थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में रईस पर हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है। थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय ने बताया कि मुल्तानपुरा फायरिंग मामले में सादिक और साबिर हड्डी के नाम सामने आए थे। उनके मुताबिक, सादिक ने गोली चलाई थी और साबिर उसका सहयोगी था। सादिक को गिरफ्तार कर उसके पास से पिस्टल जब्त की गई है।
