नर्मदा नदी पर आधारित फिल्म ‘द नर्मदा स्टोरी’ 12 जून को रिलीज होने जा रही है। यह फिल्म मध्यप्रदेश में बनी है। इसका निर्देशन जैगम इमाम ने किया है। इसमें ‘पंचायत’ सीरीज के प्रधान पति के किरदार से मशहूर रघुबीर यादव भी अहम भूमिका में हैं। दैनिक भास्कर ने रघुबीर यादव से खास बातचीत की। पढ़िए पूरा इंटरव्यू… सवाल: ‘द नर्मदा स्टोरी’ से जुड़ने की बड़ी वजह क्या रही? जवाब: मध्यप्रदेश का नाम सुनकर मैं किसी फिल्म को चुनने में ज्यादा देर नहीं लगाता। मैं इस मिट्टी की तासीर से भाग नहीं सकता। इसी मिट्टी की वजह से मैं यहां तक पहुंचा हूं। इस फिल्म को करने की सबसे बड़ी वजह इसके जज्बात थे। इसमें बेटी, पत्नी और नर्मदा से जुड़े कई भावनात्मक पहलू हैं। कई किरदारों और रिश्तों को जीने का मौका मिला। मुझे ऐसे किरदार पसंद हैं, जो भीतर तक असर छोड़ें। जब तक कोई किरदार मुझे बेचैन न करे, तब तक मजा नहीं आता। थिएटर ने मुझे सिखाया है कि तैरना नहीं, डूबना सीखो। सवाल: फिल्म में IPS अधिकारी आपकी बेटी का किरदार निभा रही हैं। उनके साथ काम का अनुभव कैसा रहा? जवाब: उनके किरदार में एक्टिंग की गुंजाइश कम थी और यही इसकी खूबसूरती है। उन्होंने एक्टिंग करने की कोशिश नहीं की। जब कोई जज्बातों की एक्टिंग करने लगता है तो वह नकली लगने लगती है। एक्टिंग मुश्किल भी है और आसान भी। मुश्किल तब हो जाती है, जब आप एक्टिंग करने लगते हैं। असली चुनौती किरदार की गहराई को पकड़ने में होती है। मुझे संगीत भी बहुत प्रभावित करता है। उसके जरिए मैं कई किरदारों में उतर जाता हूं। शायद यही वजह है कि मैंने अभिनय का पेशा चुना। अलग-अलग किरदारों में जिंदगी जीने का अपना अलग आनंद है। सवाल: पंचायत का अगला पार्ट कब आने वाला है? जवाब: यह तो डायरेक्टर ही बेहतर बता सकते हैं। जहां तक मुझे जानकारी है, पंचायत-5 का आधा शूट पूरा हो चुका है। बाकी शूट इसी हफ्ते से शुरू होने वाला है। सवाल: आप अभिनेता न होते तो क्या बनना पसंद करते? जवाब: कुछ नहीं। मुझे लगता है कि मुझे अभिनय में ही होना था। संगीत से मेरा जुड़ाव रहा है, लेकिन जब एक्टिंग मेरी जिंदगी में आई तो लगा कि इससे बेहतर पेशा कोई हो ही नहीं सकता। हर जन्म में मैं अभिनय ही करना चाहूंगा। इस पेशे की सबसे बड़ी खूबी यह है कि इसमें आपको दुनिया की हर चीज को समझना पड़ता है। मुझे लगता है कि इससे बेहतर विकल्प मेरे लिए कोई नहीं हो सकता। अब फिल्म के डायरेक्टर का इंटरव्यू पढ़िए… सवाल: ‘द नर्मदा स्टोरी’ की कहानी क्या है? जवाब: यह मध्यप्रदेश की पहली ऑथेंटिक फिल्म है, जिसे देशभर के दर्शक देखेंगे। फिल्म की खास बात यह है कि इसमें जगहों के नाम नहीं बदले गए हैं। इसमें कई दिग्गज कलाकार नजर आएंगे और कहानी वास्तविकता के बेहद करीब है। यह मध्यप्रदेशवासियों की अपनी फिल्म है, जिसमें नर्मदा नदी की बड़ी भूमिका है। फिल्म में नर्मदा नदी के संरक्षण का मुद्दा भी उठाया गया है। फिल्म की नायिका का नाम नर्मदा है। उसकी मां नर्मदा संरक्षण से जुड़ी एक बड़ी कार्यकर्ता होती है, जिसकी हत्या कर दी जाती है। रघुबीर यादव फिल्म में उसके पति की भूमिका निभा रहे हैं। उनकी एक बेटी भी है, जो आगे चलकर पुलिस में भर्ती होती है। फिल्म में कई ऐसे घटनाक्रम सामने आते हैं, जो कहानी को आगे बढ़ाते हैं। इसमें एक संवाद भी है- ‘पुलिस का परिवार सिर्फ पुलिस नहीं होती, जनता होती है।’ यह फिल्म दर्शकों को चौंकाएगी भी और मनोरंजन भी करेगी। सवाल: OTT के दौर में दर्शकों से क्या उम्मीद कर रहे हैं? जवाब: सिनेमा एक कैप्सूल की तरह है, जिसमें बड़ा विस्फोट करने की ताकत होती है। हर दौर में हर तरह का सिनेमा बनता है। कई फिल्में रिलीज के समय हिट होती हैं, लेकिन कुछ छोटी फिल्में ऐसी भी होती हैं जो बाद में बड़ी पहचान बनाती हैं। मेरे आदर्श सत्यजीत रे हैं। मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है। मुझे लगता है कि उनका सिनेमा आज भी जिंदा है। अच्छा सिनेमा वही होता है, जिसे लोग 80-100 साल बाद भी याद रखें। ये खबर भी पढ़ें… रायसेन की बेटी ने फतह किया एवरेस्ट, लहराया तिरंगा मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के ग्राम सेमरी की रहने वाली पर्वतारोही अंजना यादव ने 27 मई को दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट फतह कर इतिहास रचा है। उन्होंने माउंट एवरेस्ट पर (8848.86 मीटर) की चढ़ाई की। पूरी खबर पढ़ें…
