Homeमध्यप्रदेशदो पक्षों में चले लाठी-डंडे, बस-स्टैंड पर भगदड़ जैसी स्थिति:ग्वालियर में सरपंच-पूर्व...

दो पक्षों में चले लाठी-डंडे, बस-स्टैंड पर भगदड़ जैसी स्थिति:ग्वालियर में सरपंच-पूर्व सरपंच समर्थकों में वर्चस्व को लेकर विवाद; ताबड़तोड़ गोलियां चलीं

ग्वालियर से करीब 35 किलोमीटर दूर उटीला गांव के बस स्टैंड पर शुक्रवार देर शाम दो पुराने दोस्तों के बीच मामूली कहासुनी के बाद विवाद हो गया। दोनों वर्तमान और पूर्व सरपंच के समर्थक बताए जा रहे हैं। राजनीतिक सक्रियता और वर्चस्व को लेकर शुरू हुई बहस देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे चलने लगे। रक्षाबंधन के कारण बस स्टैंड पर भीड़ थी, ऐसे में मारपीट और हंगामे से वहां भगदड़ मच गई। इसी दौरान दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग भी की गई। कई गोलियां आसपास की दीवारों और गेट में लगीं। गोली चलने की आवाज सुनकर दुकानदार और राहगीर इधर-उधर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही उटीला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। दोनों पक्षों के कई लोगों के घायल होने की जानकारी है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। सरपंचों की राजनीतिक सक्रियता को लेकर हुआ विवाद पुलिस के अनुसार, उटीला निवासी गब्बर सिंह बघेल और पंकज पाठक के बीच पहले दोस्ती थी, लेकिन कुछ समय से दोनों के बीच दूरी थी। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष गांव के वर्तमान और पूर्व सरपंच के समर्थक हैं। शुक्रवार शाम दोनों उटीला बस स्टैंड के पास चाय की गुमटी पर बैठे थे। इसी दौरान सरपंचों की राजनीतिक सक्रियता और वर्चस्व को लेकर उनके बीच बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर बघेल पक्ष के लोगों ने पंकज के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद पंकज पक्ष के समर्थक भी मौके पर पहुंच गए और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। इसी दौरान बघेल पक्ष के देव ओझा ने कथित तौर पर हथियार निकालकर फायरिंग कर दी। गोली चलने से बस स्टैंड पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों पक्ष थाने पहुंचे, गांव में पुलिस तैनात घटना की सूचना मिलते ही उटीला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस दोनों पक्षों के प्रमुख लोगों को थाने ले गई, जहां देर रात तक उनसे पूछताछ की गई। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मामले में बलवा, मारपीट और आर्म्स एक्ट के तहत क्रॉस केस दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। एसडीओपी मनीष यादव ने बताया कि उटीला बस स्टैंड पर दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हुई है। फायरिंग के आरोपों की भी जांच की जा रही है। दोनों पक्षों की शिकायत लेकर निष्पक्ष जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here