भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के मौके पर रविवार (20 सितंबर) स्वयंसेवक एकत्रीकरण होगा। कार्यक्रम में संघ के भोपाल विभाग के अंतर्गत आने वाले पांच जिलों से करीब 30 हजार स्वयंसेवक शामिल होंगे। कार्यक्रम में संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। एकत्रीकरण के माध्यम से भोपाल विभाग में नियमित रूप से संचालित संघ की शाखाओं के वृहद स्वरूप को समाज के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। शताब्दी वर्ष के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में स्वयंसेवकों की सहभागिता के साथ संघ के सामाजिक कार्यों और आगामी संकल्पों का संदेश भी दिया जाएगा। समाज के विभिन्न वर्गों से संपर्क-संवाद संघ के शताब्दी वर्ष का औपचारिक शुभारंभ विजयादशमी 2025 से हुआ है। वर्षभर चलने वाले कार्यक्रमों के जरिए संघ की 100 वर्षों की यात्रा और समाज जीवन में उसके योगदान को सामने रखा जा रहा है। इसके तहत गृह संपर्क अभियान, हिंदू सम्मेलन और प्रबुद्ध नागरिक गोष्ठियों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों से संपर्क और संवाद किया गया है। पंच परिवर्तन पर भी रहेगा जोर शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों में संघ की ओर से पंच परिवर्तन के संदेश को प्रमुखता दी जा रही है। सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्वबोध और नागरिक कर्तव्य जैसे विषयों को समाज जीवन में व्यवहार का हिस्सा बनाने का आह्वान किया जा रहा है। सुबह 10 बजे समाज सेवा न्यास में केंद्रीय संस्थानों के युवाओं के साथ संवाद रखा गया है। यह कार्यक्रम प्रेस के लिए नहीं होगा। इसके बाद शाम को लाल परेड ग्राउंड में होने वाला स्वयंसेवक एकत्रीकरण संघ की शाखाओं के वृहद स्वरूप को समाज के सामने प्रस्तुत करेगा।
