देवास के भवानी सागर क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते एक 19 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के दौरान आरोपियों ने एक कार में भी तोड़फोड़ की। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है। वहीं, दूसरे पक्ष का एक व्यक्ति भी जिला अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने मामले में छह नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। दोस्त के फोन पर समझाने गया था
जानकारी के अनुसार, लड्डू उर्फ शुभम पिता महेश नाथ गुरुवार रात घर पर भोजन कर रहा था। इसी दौरान उसके दोस्त गौतम (23) का फोन आया, जिसमें उसने बताया कि कुछ लोग उसे रोककर विवाद कर रहे हैं। इसके बाद लड्डू रात 1 बजे मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा, लेकिन इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते विवाद बढ़ गया। विवाद के दौरान दो आरोपियों ने पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली लड्डू के सीने में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गौतम के पैर में गोली लगी। आरोपियों ने इसके बाद हथियारों से मारपीट भी की। परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने लड्डू को मृत घोषित कर दिया, जबकि गौतम को इंदौर रेफर किया गया। पहले से दोनों पक्षों में विवाद
नाहर दरवाजा थाना प्रभारी अमित सोलंकी के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। लड्डू टेकरी क्षेत्र में नारियल-प्रसाद और फोटो की दुकान चलाता था। परिजनों का आरोप है कि आरोपी उससे वसूली की मांग करते थे और पहले भी उसकी बाइक जला चुके थे। वहीं, पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मृतक और घायल पर भी आरोपियों के खिलाफ पहले मामले दर्ज रहे हैं। मुख्य आरोपी भी अस्पताल में भर्ती
थाना नाहर दरवाजा प्रभारी अमित सोलंकी ने बताया कि मुख्य आरोपी वरुण बाली समेत रितिक सिहोते, तुषार सिहोते, मट्टू सिहोते, राहुल शूटर, विपिन बाली सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें इंदौर सहित अन्य स्थानों पर रवाना की गई हैं। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी वरुण शुक्रवार सुबह घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती हुआ है। परिजनों का आरोप—अब भी मिल रही धमकियां
मृतक के भाई पीयूष ने आरोप लगाया कि घटना के बाद कुछ लोग अस्पताल पहुंचे और धमकी दी कि “एक को मार दिया, दूसरे को भी देख लेंगे।” परिजनों ने सुरक्षा की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
