दिल्ली-जयपुर और लखनऊ में खराब मौसम के चलते शनिवार रात और रविवार सुबह कुछ उड़ानों को डायवर्ट कर भोपाल एयरपोर्ट पर उतारा गया। एयरपोर्ट डायरेक्टर रामजी अवस्थी ने बताया कि यह कोई इमरजेंसी लैंडिंग नहीं थी, बल्कि मौसम खराब होने के कारण एहतियातन फ्लाइट्स को भोपाल डायवर्ट किया गया था। डायरेक्टर के मुताबिक, कुल तीन फ्लाइट्स भोपाल आईं, जिनमें एक एयर इंडिया एक्सप्रेस और दो इंडिगो की थीं। इनमें से दो उड़ानें रात में और एक सुबह के समय पहुंची। मौसम सामान्य होते ही सभी फ्लाइट्स को उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन उड़ानों के यात्रियों को विमान से नहीं उतारा गया था। सभी यात्री फ्लाइट में ही रहे और करीब डेढ़ घंटे के भीतर विमान दोबारा उड़ान भरकर आगे बढ़ गए। यात्रियों में किसी वीआईपी के होने को लेकर पूछे गए सवाल पर डायरेक्टर ने कहा कि इस बारे में कोई पुष्टि नहीं है, क्योंकि कोई भी यात्री विमान से बाहर नहीं आया था। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, यह पूरी प्रक्रिया सामान्य रही और किसी तरह की आपात स्थिति नहीं बनी। यह खबर भी पढ़ें… लखनऊ आ रही फ्लाइट की भोपाल में इमरजेंसी लैंडिंग:यूपी के दोनों डिप्टी सीएम सवार थे; तूफान और तेज बारिश के कारण डायवर्ट
