छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिनों तक अलग-अलग जगहों पर गरज-चमक, तेज हवाओं (50-60 किमी रफ्तार) और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। प्रदेश में पिछले 24 घंटे में अलग-अलग जिले में आकाशीय बिजली गिरने की घटना हुई है, जिनमें 3 महिलाओं की मौत हुई है। दंतेवाड़ा में 12 ग्रामीण इसकी चपेट में आ गए थे, बीजापुर में बाहर काम कर रही महिलाएं चपेट में आई। मनेंद्रगढ़ में मजदूरी काम में लगी महिलाओं पर आकाशीय बिजली गिरी थी। बीजापुर में महिला पर गिरी बिजली बीजापुर के उसूर विकासखंड के पेरमपल्ली गांव में मंगलवार (2 जून) शाम करीब 4 बजे घर के बाहर काम कर रही महिला कलमू मल्ली (50 वर्ष) पर आकाशीय बिजली गिरी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं आंधी-तूफान के कारण उसूर के थानापारा में पांच मकानों की शीटें उड़ गईं, जिससे यहां रहने वाला परिवार अब तिरपाल के नीचे रहने को मजबूर हैं। दंतेवाड़ा में 12 ग्रामीण चपेट में आए दंतेवाड़ा जिले के चंदेनार इलाके में चल रहे जात्रा (मेला) में मंगलवार शाम बिजली गिरने से 12 ग्रामीण इसकी चपेट में आ गए। इनमें से एक महिला की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मनेंद्रगढ़ में 6 महिलाएं चपेट में आई एमसीबी जिले के भरतपुर विकासखंड के ग्राम चरखर में मंगलवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से महिला मजदूर की मौत हो गई। इस घटना में 5 अन्य महिलाएं घायल हुई हैं। यह हादसा उस समय हुआ, जब चरखर गांव में डैम निर्माण कार्य चल रहा था। जानकारी के अनुसार, लगभग 58 मजदूर कार्यस्थल पर मौजूद थे। पिछले 24 घंटे में कोई बड़ा अपडेट नहीं पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के तापमान में कोई बड़ा उलटफेर दर्ज नहीं किया गया। इस दौरान सबसे ज्यादा तापमान 41 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज हुआ। वहीं, सुकमा जिले में 2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। दो दिन 50-60 किमी रफ्तार से हवा चलेगी अगले दो दिनों के दौरान भी प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। रायपुर का मौसम राजधानी में आज बादल छाए रहने, गरज-चमक, धूलभरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। अचानक बदल सकता है मौसम, सतर्क रहें मौसम विभाग के मुताबिक, दोपहर की गर्मी बनी रहेगी, लेकिन शाम के समय मौसम बदल सकता है। कई जिलों में तेज हवा चल सकती है और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। किसानों को कटाई और खुले में रखी उपज की सुरक्षा के लिए सतर्क रहने की सलाह। तेज हवा के दौरान पेड़, होर्डिंग और बिजली लाइनों के पास सावधानी बरतने की जरूरत है।
