नर्मदापुरम जिले के पिपरिया में एक तेंदुए ने 13 साल के बच्चे सत्यम ठाकुर पर हमला कर दिया। बच्चे ने सूझबूझ और साहस दिखाते हुए तेंदुए की गर्दन पकड़कर उसे दूर धकेल दिया, जिससे उसकी जान बच पाई। घटना शनिवार शाम पिपरिया फॉरेस्ट बीट के कुर्सी खापा गांव की है। आठवीं में पढ़ने वाले बच्चे सत्यम के मुताबिक, मैं खेत के कुएं के पास खेल रहा था, तभी झाड़ियों से निकाल कर तेंदुए ने हमला कर दिया। मैंने तेंदुए की गर्दन पकड़ ली। उसके नाखून मेरे पेट, पैर में गड़ गए। मैं जोर से चिल्लाया, तभी पिताजी और लोग बचाने दौड़े। मैंने तेंदुए की गर्दन पड़कर उसे पीछे धकेला। परिजनों के चिल्लाने से तेंदुआ जंगल की तरफ भाग गया। हाथ-पैर में तेंदुए के नाखून लगे हैं। एआई इमेज से जानिए घटनाक्रम पिता बोले- घर से 100 मीटर दूर की घटना पिता महेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया- बेटा घर से 100 मीटर दूर खेत में खेल रहा था। शाम करीब 7 बजे सत्यम के चिल्लाने की आवाज आई। हमने देखा एक तेंदुआ उससे झूम रहा है। हम डंडा लेकर दौड़े और चिल्लाए। इस बीच बच्चे ने तेंदुए को गर्दन पकड़कर दूर धकेला। तेंदुआ भाग गया। ईश्वर कृपा और बच्चे के साहस से जान बच गई। रेंजर रेखा ठाकुर, वन रक्षक बरवेंद्र शाह उईके के अनुसार, बच्चे को सरकारी वाहन से पिपरिया अस्पताल ले जाया गया। इलाज के लिए तुरंत एक हजार की राशि दी गई है। आगे भी विभाग से इलाज राशि दिलाई जाएगी। डॉ. सैयद करीम ने बताया कि बच्चे को प्राथमिक इलाज दिया गया है। उसकी हालत स्थिर है।
