मंदसौर जिले के संजीत कस्बे में रविवार शाम से लापता 16 वर्षीय किशोरी चेतना का शव सोमवार दोपहर तालाब में मिल गया है। एसडीईआरएफ (SDERF) और गोताखोरों की टीम ने सोमवार सुबह 10:30 बजे रेस्क्यू शुरू किया और करीब पौने दो घंटे की मशक्कत के बाद 12:15 बजे शव को पानी से बाहर निकाला। नाहरगढ़ थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, वाल्मीकि समाज का 16 वर्षीय चेतना (पिता जगदीश बाली) रविवार शाम करीब 5 बजे अपने घर से निकली थी। जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान संजीत बस स्टैंड के पास स्थित तालाब के किनारे उसकी चप्पलें रखी मिलीं। पानी में डूबने की आशंका जताते हुए परिजनों ने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। रविवार रात साढ़े 4 घंटे तक चला था सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शाम करीब 6 बजे स्थानीय गोताखोरों की मदद से तालाब में सर्चिंग शुरू की। काफी प्रयास के बाद भी सफलता न मिलने पर एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। बचाव दल ने रात करीब 10:30 बजे तक तालाब के अलग-अलग हिस्सों में तलाश की। बाद में अंधेरा अधिक होने और कम दृश्यता (Visibility) के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन रोकना पड़ा था। सोमवार को पौने दो घंटे में मिल गया शव
रात भर ग्रामीण और परिजन तालाब के किनारे डटे रहे। सोमवार सुबह 10:30 बजे गोताखोरों और एसडीआरएफ ने एक बार फिर सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने तालाब में उतरकर तलाश की और दोपहर 12:15 बजे किशोरी का शव बरामद कर लिया। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। देखिए रेस्क्यू की तस्वीरें…
