मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा पर रीवा जिले की गौरा तमस नदी में रविवार को नहाने गए दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। एक युवक को बचाने के प्रयास में दूसरा भी गहरे पानी में समा गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने एक अन्य युवक को सुरक्षित बचा लिया। मृतकों की पहचान यूपी के शंकरगढ़ निवासी कुणाल और विशेष मिश्रा के रूप में हुई है। रविवार को उत्तर प्रदेश के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत भारत नगर निवासी परिवार के करीब 6 सदस्य घर से 3-4 किलोमीटर दूर गौरा तमस नदी में नहाने पहुंचे थे। नहाते समय एक युवक अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए दूसरे युवक ने भी छलांग लगा दी, लेकिन गहराई ज्यादा होने के कारण दोनों डूब गए। चीख-पुकार सुन पहुंचे ग्रामीणों ने तीसरे को बचाया
हादसे के दौरान परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने मशक्कत कर एक युवक को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन कुणाल मिश्रा (19) और विशेष मिश्रा (18) को नहीं बचाया जा सका। बाद में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर दोनों के शव नदी से बाहर निकाले गए। ब्लास्टिंग से बने गहरे गड्ढे बने हादसे का कारण
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस स्थान पर यह हादसा हुआ है, वहां पूर्व में ब्लास्टिंग कर पत्थर निकालने का काम किया जाता था। इस वजह से नदी के कई हिस्सों में अत्यधिक गहरे गड्ढे बन गए हैं। पानी भरा होने के कारण बाहर से गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता है और यही इस दर्दनाक हादसे का मुख्य कारण बनी। एमपी और यूपी पुलिस के बीच सीमा का पेंच
हादसे की सूचना मिलते ही मध्य प्रदेश की चाकघाट पुलिस और उत्तर प्रदेश पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। चूंकि यह घटना एमपी और यूपी के बिल्कुल सीमावर्ती क्षेत्र में हुई है, इसलिए फिलहाल यह तय किया जा रहा है कि मामला किस राज्य के थाना क्षेत्र में दर्ज होगा। क्षेत्र स्पष्ट होने के बाद संबंधित पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
