बड़वानी की अंजड़ पुलिस ने रविवार को सराफा व्यापारी जयराज चौधरी को गिरफ्तार किया है, जिस पर लगभग 1.52 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के गंभीर आरोप हैं। आरोपी लंबे समय से तीन अलग-अलग मामलों में फरार चल रहा था। अंजड़ के सिरवी मोहल्ला निवासी और ‘सोना चांदी डायमंड ज्वेलर्स’ के संचालक जयराज चौधरी के खिलाफ धोखाधड़ी के तीन बड़े मामले दर्ज हैं। 1- फरियादी संजय गोयल से सोना बनाने के नाम पर 88.97 लाख रुपए लिए और उन्हें असली बताकर पूरी तरह नकली सोना थमा दिया। 2- फरियादी हीरालाल सिरवी से 37.83 लाख रुपए ब्याज पर लिए, लेकिन न तो मूल राशि लौटाई और न ही ब्याज। पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी। 3- अनिल परिहार और अन्य लोगों से किस्तों में 25.36 लाख रुपए नकद लिए और धोखाधड़ी कर यह पूरी रकम हड़प ली। पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी न्यायालय ने आरोपी को पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। फिलहाल अंजड़ पुलिस उससे गबन की गई भारी-भरकम राशि की वापसी के संबंध में कड़ी पूछताछ कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस ठगी में कोई और भी शामिल था। पुलिस को संदेह है कि इस धोखाधड़ी के जाल में और भी कई लोग फंसे हो सकते हैं।
