ग्वालियर जिले के डबरा में तीन साल के मासूम के अपहरण का मामला सामने आया है। बुधवार दोपहर घर के आंगन में खेल रहा बच्चा अचानक लापता हो गया। पड़ोस के एक बच्चे ने परिजनों को बताया कि होतम उर्फ करिया प्रजापति उसे बाइक पर बैठाकर ले गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर पांच टीमें उसकी तलाश में लगा दी हैं। देर रात एसपी धर्मवीर यादव भी डबरा पहुंचे और सर्च ऑपरेशन की मॉनिटरिंग की। मां सो रही थी, उठी तो बेटा गायब मिला डबरा के कर्रा स्थित आदिवासी दफाई निवासी लक्ष्मी आदिवासी (30) बुधवार दोपहर छोटे बच्चे के साथ घर के अंदर सो रही थीं। तीन साल का बेटा टिंकू घर के आंगन में खेल रहा था। दोपहर करीब 2 बजे जब वह उठीं तो बच्चा घर में नहीं मिला। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। तलाश के दौरान पड़ोस में रहने वाले एक बच्चे ने बताया कि उसने होतम उर्फ करिया प्रजापति को टिंकू को बाइक पर बैठाकर ले जाते देखा था। इसके बाद परिजनों ने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो सकी। इसके बाद वे सिटी थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। आरोपी के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज सूचना मिलते ही सिटी थाना प्रभारी संजय शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के बाद आरोपी खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया गया। लेकिन देर रात तक बच्चे और आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्वालियर एसपी धर्मवीर यादव, एडिशनल एसपी जयराज कुबेर, एसडीओपी जितेंद्र नगाइच सहित कई थाना प्रभारियों और पुलिस बल को सर्च ऑपरेशन में लगाया गया। पुलिस की पांच टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। शराब का आदी है आरोपी पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी शराब पीने का आदी है। इसी वजह से पुलिस को बच्चे की सुरक्षा को लेकर चिंता है। आशंका है कि नशे की हालत में आरोपी बच्चे के साथ कोई अनहोनी न कर दे। इसी कारण उसके सभी संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के यहां दबिश दी जा रही है। कई लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। पुलिस उस बाइक का भी पता लगा रही है, जिस पर आरोपी बच्चे को ले गया था। वहीं आरोपी का मोबाइल भी बंद है। जिस ईंट भट्ठे पर आरोपी काम करता है, उसके मालिक मुरारी प्रजापति से भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। उसका मोबाइल भी बंद है। पुलिस उससे पूछताछ की कोशिश कर रही है और उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है। एएसपी बोले- जल्द बच्चे को तलाश लेंगे पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी बच्चे के माता-पिता और ईंट भट्ठा संचालक एक ही जगह काम करते हैं। इसी वजह से आरोपी का परिवार के घर आना-जाना था। परिजनों का कहना है कि किसी तरह का विवाद नहीं था। ऐसे में बच्चे को ले जाने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। एडिशनल एसपी जयराज कुबेर ने बताया कि तीन वर्षीय बच्चे के अपहरण का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की पांच टीमें लगातार तलाश में जुटी हैं। आरोपी के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा।
