सेंधवा से लगभग 25 किलोमीटर दूर पलसूद थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। जलखेड़ा गांव के पास अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दो साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मृतकों की पहचान वेदपुरी निवासी ऐसराम (26) और उनकी पत्नी ललिता (24) के रूप में हुई है। शनिवार रात अपनी दो साल की बेटी अक्षिता के साथ जलखेड़ा गांव में एक पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। रात करीब 9 से 10 बजे के बीच तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी। दंपती की मौत, बेटी को जिला अस्पताल रेफर किया पलसूद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मेडिकल ऑफिसर श्याम प्रजापति ने बताया कि 108 एम्बुलेंस से तीनों घायलों को अस्पताल लाया गया था। जांच के बाद डॉक्टरों ने पति-पत्नी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनकी बेटी को प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पलसूद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद जलखेड़ा और वेदपुरी गांवों में शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में परिजन पलसूद स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। आज रविवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
