Homeमध्यप्रदेशमोहन से बोले मामा- मुख्यमंत्री जी मान जाओ यार:शिवराज बने 'महापुरुष', विजयवर्गीय...

मोहन से बोले मामा- मुख्यमंत्री जी मान जाओ यार:शिवराज बने ‘महापुरुष’, विजयवर्गीय को ‘खास तवज्जो’; मंत्री ने सांसद को बनाया ‘मालिक’

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। जब शिवराज ने लगाई सीएम डॉ. मोहन यादव से गुहार
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भरे मंच से सीएम डॉ. मोहन यादव से कहा- मुख्यमंत्री जी, मान जाओ यार जल्दी से। वे मुख्यमंत्री से नर्मदा के पानी के लिए गुहार लगा रहे थे। दरअसल, शिवराज सिंह चौहान हाल ही में सीहोर के इछावर पहुंचे थे। यहां उन्होंने एक सड़क का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के गांवों तक नर्मदा नदी का पानी पहुंचाने की बात कही। शिवराज सिंह ने कहा कि लगातार कोशिश की जा रही है कि नर्मदा जी का पानी बचे हुए गांवों तक पहुंच जाए। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी बात करने की बात कही। उन्होंने अपने खास अंदाज में कहा- मुख्यमंत्री जी, मान जाओ यार जल्दी से। शिवराज सिंह की इस अपील पर कार्यक्रम में जमकर तालियां गूंजीं। हालांकि, हास-परिहास में कही गई उनकी इस बात की सियासी गलियारों में भी खूब चर्चा हो रही है। लोग अपने-अपने हिसाब से इसके सियासी मायने भी निकाल रहे हैं। शिवराज की मोदी और अटल बिहारी वाजपेयी से तुलना
इधर, इसी कार्यक्रम में मध्य प्रदेश की मोहन सरकार में मंत्री करण सिंह वर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की जमकर तारीफ की। उन्होंने भरे मंच से शिवराज सिंह को महापुरुष तक बता दिया। करण सिंह वर्मा ने कहा कि शिवराज सिंह भाई साहब की अपनी एक अलग ही पहचान है। वे अद्भुत व्यक्ति हैं। उन्हें महापुरुष कहने में भी मुझे कोई आपत्ति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि जिस शख्स के तीन नाम हो जाएं, वो महापुरुष व्यक्ति होता है। शिवराज भैया, पांव-पांव वाले भैया और मामा जी। करण सिंह वर्मा यहीं नहीं रुके। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी और वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी शिवराज सिंह की तुलना कर दी। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह ऐसे लोकप्रिय नेता हैं, जिनसे लोगों की श्रद्धा है। वैसे नेताओं में अपने आला नेताओं की तारीफ और उनके प्रति सम्मान जताने की परंपरा नई नहीं है, लेकिन इस मामले में मंत्री करण सिंह वर्मा कुछ कदम आगे नजर आए। उन्होंने शिवराज सिंह की तारीफ करते हुए उन्हें सीधे महापुरुष का दर्जा दे दिया। मंत्री ने सांसद को बना दिया तीन जिलों की मालिक
एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद को जनता का सेवक कहते हैं, लेकिन मध्य प्रदेश में उनकी ही पार्टी के नेता और मंत्री विजय शाह ने रतलाम सांसद अनिता नागर सिंह चौहान को तीन जिलों की मालिक बना दिया। दरअसल, रतलाम आए मंत्री विजय शाह का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे सांसद से कहते सुनाई दे रहे हैं- ‘आइए, आप आगे चलिए। आप तीन जिलों की मालिक हों। दरअसल, सांसद अनिता चौहान के संसदीय क्षेत्र में रतलाम, झाबुआ और आलीराजपुर तीन जिले आते हैं। हालांकि, सांसद अनिता सिंह खुद को मालिक कहे जाने से मना करती रहीं, लेकिन मंत्री जी के शब्द कांग्रेस के कानों में पड़ गए। अब कांग्रेस नेता इसे मुद्दा बनाकर भाजपा पर निशाना साध रहे हैं। कांग्रेस का कहना है कि वोट लेना था, तब नेता जनता के सेवक थे और अब मालिक बन गए। कांग्रेस नेता पारस सकलेचा ने इसे भाजपा का असली चेहरा बताते हुए तंज कसा। उन्होंने एक गाने की ये पंक्तियां बोलकर भाजपा पर सवाल उठाए- ‘जब जी चाहे नई दुनिया बसा लेते हैं लोग, एक चेहरे पर कई चेहरे लगा लेते हैं लोग।’ अब मंत्री के इस बयान पर ये भी चर्चा हो रही है कि जनता के बीच नेता ‘सेवक’ हैं या फिर ‘मालिक’? विजयवर्गीय के लिए आई ‘खास तवज्जो’ वाली तस्वीर
सत्ता और संगठन में कथित रूप से उपेक्षा झेल रहे मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के लिए एक सुखद तस्वीर सामने आई है। मध्य प्रदेश भाजपा के नए-नवेले प्रभारी विप्लव कुमार देव ने उन्हें खास तवज्जो दी। हुआ यूं कि विप्लव कुमार देव भाजपा के प्रदेश कार्यालय पहुंचे थे। यहां उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद फोटो सेशन की बारी आई तो उन्होंने साइड में खड़े मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को अपने पास बुलाया। विप्लव कुमार देव ने कैलाश विजयवर्गीय को अपने पास खड़ा किया और फिर फोटो सेशन हुआ। इधर, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक रील शेयर की है, जिसमें वे विप्लव कुमार देव के गले मिलते नजर आ रहे हैं। अब इन तस्वीरों को लेकर लोग चुटकी ले रहे हैं कि हर तस्वीर कुछ न कुछ संदेश देती है। और अब अंदर की बात.. मंत्री के आने से टेंशन में आ जाते हैं पार्टी पदाधिकारी
एक मंत्री जब भी मालवा क्षेत्र के अपने प्रभार वाले जिले में जाते हैं, वहां के पार्टी पदाधिकारी टेंशन में आ जाते हैं। उन्हें इस बात का डर सताता रहता है कि मंत्री कहीं कुछ ऐसा-वैसा न बोल दें, जिससे पार्टी की किरकिरी हो जाए। ऐसे में पार्टी पदाधिकारियों की कोशिश रहती है कि मंत्री जी मीडिया के सामने ही न आएं। फिर भी कभी मंत्री जी का मीडिया से सामना हो जाए तो पार्टी पदाधिकारी इस बात से परेशान हो जाते हैं कि मंत्री के मुंह से कुछ ऐसी-वैसी बात न निकल जाए। दरअसल, मंत्री जी के बयानों पर अक्सर विवाद की स्थिति बन जाती है। वे कब, कहां, क्या बोल दें, इसका भरोसा नहीं रहता। कई बार पार्टी को मंत्री के बयानों के लिए सफाई भी देनी पड़ी है। हालांकि, अपने बयानों से अक्सर सुर्खियों में रहने वाले मंत्री जी खुद भी फूंक-फूंककर कदम रख रहे हैं। फिर भी मुंह से कुछ निकल जाए, इससे बचने के लिए उनकी कोशिश रहती है कि मीडिया से दूरी बनी रहे। बता दें कि मंत्री जी आदिवासी समाज से आते हैं। इनपुट सहयोग – केके शर्मा (रतलाम), विजय सिंह बघेल (भोपाल) ये भी पढ़ें –
CMHO ऑफिस में कुतिया की डिलीवरी, 6 पिल्ले जन्मे: तहसीलदार पर चिल्लाए MLA- तेरे बाप का राज है क्या मध्य प्रदेश को यूं ही अजब-गजब प्रदेश नहीं कहते। इसकी एक बानगी छतरपुर में सामने आई है। यहां एक आवारा कुतिया ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) के कार्यालय को ही अपना प्रसूति केंद्र बना लिया। दफ्तर में रखी अलमारियों और फाइलों के बीच उसने छह पिल्लों को जन्म दिया। पूरी खबर पढ़ें

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here