मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। ‘मामा जी’ का मॉडल फॉलो कर रहे ट्रंप?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक ऐलान के बाद मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगे हैं। दरअसल, ट्रंप ने कहा है कि अगर उनकी रिपब्लिकन पार्टी चुनाव जीतती है, तो हर अमेरिकी वयस्क को 5 हजार डॉलर दिए जाएंगे। ट्रंप के इस ऐलान के बाद सोशल मीडिया पर शिवराज सिंह चौहान की लाड़ली बहना योजना से जोड़ते हुए तरह-तरह के पोस्टर वायरल हो रहे हैं। शिवराज समर्थकों का कहना है कि ‘मामा’ की लाड़ली बहना योजना अब ग्लोबल हो गई है और अमेरिका भी इसी मॉडल को फॉलो कर रहा है। जब केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान से पूछा गया कि आप सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहे हैं कि अब तो ट्रंप भी आपका मॉडल फॉलो कर रहे हैं। इस पर उन्होंने कहा- हम कोई सस्ती लोकप्रियता के लिए नहीं लाए थे। लाड़ली बहना जैसी योजना लाए थे तो इसलिए लाए थे कि आधी आबादी को वो पूरा न्याय था। अब ट्रंप के ऐलान को लेकर सियासी चुटकी भी ली जा रही है। लोग कह रहे हैं कि चलो, अमेरिका ने हमसे कुछ तो सीखा। हमने वहां के नेताओं को चुनाव जीतने की बड़ी तकनीक दे दी है। सत्ता-संगठन का संदेश, हम साथ-साथ हैं
मध्य प्रदेश भाजपा में सत्ता और संगठन में मनमुटाव की खबरों के बीच आखिरकार दोनों एक मंच पर साथ नजर आए। लंबे समय बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल साथ दिखाई दिए। सीएम ने कहा कि हमारी दोस्ती प्रगाढ़ है। दोनों नेताओं ने साथ आकर उन चर्चाओं पर विराम लगाने की कोशिश की, जिनमें सत्ता और संगठन के बीच खटपट की बात कही जा रही थी। दरअसल, हाल ही में दोनों नेताओं के बीच मनमुटाव की खबरें मीडिया की सुर्खियां बनी थीं। भाजपा कार्यालय में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब दोनों नेता साथ आए तो मीडिया ने उनसे सवाल भी किया। सीएम से कहा गया कि आप दोनों को बधाई, आपकी दोस्ती प्रगाढ़ हो गई है। तो मुख्यमंत्री ने कहा- हमारी दोस्ती तो प्रगाढ़ ही है। इस पर दोनों नेता मुस्कुराते नजर आए। प्रेस कॉन्फ्रेंस में सीएम का बड़प्पन भी देखने को मिला। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल जब साइड की कुर्सी पर बैठने लगे तो मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें बीच की कुर्सी पर बैठाया। सीएम ने कहा- आप प्रदेश अध्यक्ष हैं, आप यहां बैठिए। वैसे प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले भी दोनों नेताओं के बीच नजदीकी देखने को मिली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के घर पहुंचे, जहां दोनों के बीच बंद कमरे में बातचीत हुई। इसके बाद दोनों एक ही वाहन से भाजपा कार्यालय पहुंचे। कुल मिलाकर, मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष की इस कवायद ने साफ संदेश देने की कोशिश की है कि सत्ता और संगठन के बीच सबकुछ ठीक है। ये बताने की कोशिश की गई कि भाजपा एकजुट है। भाजपा पर भड़क गए दिग्विजय सिंह
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह दतिया में अपनी ‘सनातन स्वाभिमान यात्रा’ की जानकारी दे रहे थे। इसी दौरान भाजपा की ओर से यात्रा पर उठाए जा रहे सवाल को लेकर मीडिया ने उनसे प्रश्न किया। पत्रकार के सवाल पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि ‘भाजपा भाड़ में जाए’। इतना कहने के बाद वे चले गए। वैसे दिग्विजय सिंह भाजपा और संघ को लेकर अक्सर आक्रामक नजर आते हैं। लेकिन इस बार शायद इतने जल्दी में थे कि भाजपा को सीधे भाड़ में भेज दिया। और अब अंदर की बात.. शराबकांड की जांच की फाइल अटकी
सागर के जहरीली शराबकांड को लेकर सरकार ने न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। एक सदस्यीय आयोग इस मामले की जांच करेगा। सरकार ने सागर पहुंचकर बाकायदा इसका ऐलान किया था। अब बताया जा रहा है कि न्यायिक जांच से जुड़ी यह फाइल वल्लभ भवन की चौथी मंजिल पर जाकर अटक गई है। पिछले तीन दिनों से फाइल यहां से आगे ही नहीं बढ़ी है। इधर, मंत्रालय के गलियारों में इसको लेकर चर्चा शुरू हो गई है। सवाल उठ रहे हैं कि जब सरकार ने न्यायिक जांच के आदेश दे दिए हैं, तो फिर इसकी अवेहलना क्यों हो रही है। इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), राधावल्लभ मिश्रा (दतिया) ये भी पढ़ें –
अधिकारी की ऐसी भक्ति…लपटों में कूद गया कर्मचारी: एमपी के नेताओं पर चढ़ा 80 का रेट्रो रंग लगता है देश ने इन दिनों रिवर्स गियर लगा लिया है। हर कोई खुद को 80s के दौर में देखना चाहता है। कपड़ों से लेकर गानों और तस्वीरों तक, रेट्रो का रंग छाया हुआ है। अब नेता नगरी भी इससे अछूती नहीं रही। मध्य प्रदेश के नेता भी 80s के इस रेट्रो ट्रेंड को फॉलो करते नजर आ रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें
