Homeमध्यप्रदेशटिकट कटने पर हिंसा:दतिया में 3000 की भीड़ का कलेक्टर, एसपी पर...

टिकट कटने पर हिंसा:दतिया में 3000 की भीड़ का कलेक्टर, एसपी पर पथराव, 200 पर केस दर्ज

विधानसभा उपचुनाव में पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट काटकर आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी बनाए के विरोध में शुक्रवार शाम शुरू हुआ प्रदर्शन शनिवार सुबह हिंसक हो गया। करीब 3000 समर्थकों की भीड़ ने 11 घंटे हाईवे जाम रखा। हटाने आए एसपी-कलेक्टर समेत पुलिसकर्मियों पर पथराव किया। पुलिस को वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा। हिंसा में एसपी मयूर खंडेलवाल, एसडीओपी पूनमचंद यादव, अतरेंटा टीआई नरेंद्र सिंह राजपूत समेत 8 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हो गए। कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि उन पर भी पथराव हुआ। उपद्रवियों ने पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की और वाहन पलट दिए। पुलिस ने 200 से अधिक लोगों पर एफआईआर दर्ज की है। कई आरोपियों को गिरफ्तार और कुछ को नजरबंद किया गया है। इधर, पार्टी ने डॉ. नरोत्तम मिश्रा को साथ लेकर आगे बढ़ने के संकेत दिए हैं। नेता प्रतिपक्ष बोले- मोहन ने नरोत्तम को निपटाया नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि पहले शिवराज सिंह चौहान और अब मोहन यादव ने नरोत्तम मिश्रा को निपटा दिया। भाजपा की आंतरिक कलह अब खुलकर सामने आ गई है और दतिया की जनता इसका जवाब देगी। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने कलेक्टर-एसपी को हटाने की मांग की, जबकि दिग्विजय सिंह ने छोटे कार्यकर्ताओं के बजाय हिंसा के लिए उकसाने वालों पर कार्रवाई की बात कही। कांग्रेस ने दतिया राजघराने के घनश्याम को बनाया प्रत्याशी दतिया उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने पूर्व विधायक कुंवर घनश्याम सिंह को प्रत्याशी घोषित किया है। दतिया राजपरिवार से जुड़े घनश्याम तीन बार विधायक रह चुके हैं। वे 1993, 2003 में दतिया विस और 2018 में सेवढ़ा से चुनाव जीते थे। 2023 में सेवढ़ा से चुनाव हार गए थे। दिल्ली के दखल, मोहन-हेमंत से चर्चा के बाद नरोत्तम नरम दिल्ली के दखल और मुख्यमंत्री व प्रदेशाध्यक्ष से मुलाकात के बाद पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का रुख नरम पड़ गया। दतिया से भोपाल पहुंचे मिश्रा को डॉ. मोहन यादव ने सीएम हाउस बुलाया, जहां क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल और प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मौजूदगी में एक घंटे बैठक हुई। टिकट बदलने के फैसले की वजह बताई गई। बैठक के बाद खंडेलवाल ने कहा कि आशुतोष तिवारी ही भाजपा प्रत्याशी रहेंगे और दतिया में दिए गए किसी भी स्थानीय नेता के इस्तीफे स्वीकार नहीं किए जाएंगे। नरोत्तम के मार्गदर्शन में ही चुनाव लड़ा जाएगा। उधर, डैमेज कंट्रोल के लिए प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, मंत्री एंदल सिंह कंसाना और प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी दतिया रवाना हुए। नरोत्तम ने कहा कि वे पार्टी के निर्णय का सम्मान करते हैं, नाराज कार्यकर्ताओं को मनाया जाएगा और सभी मिलकर चुनाव लड़ेंगे। इधर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि भाजपा में टिकट घोषित होने के बाद उसे बदलने की परंपरा नहीं है। नरोत्तम समर्पित कार्यकर्ता हैं, वे निर्णय का सम्मान कर चुनाव में काम करेंगे।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here