जबलपुर के सेंट एलॉयसियस स्कूल में धर्म परिवर्तन के आरोपों को लेकर मंगलवार दोपहर बड़ा हंगामा हो गया। बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के कार्यकर्ता स्कूल परिसर में पहुंच गए और अंदर जाने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिससे झड़प हो गई। प्रदर्शन के दौरान स्कूल में तोड़फोड़ भी की गई। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि स्कूल में काम करने वाले हिंदू कर्मचारियों पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि जो कर्मचारी धर्म परिवर्तन के लिए तैयार नहीं होते, उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। देखिए तस्वीरें… कर्मचारियों की शिकायत के बाद पहुंचे कार्यकर्ता प्रदर्शनकारियों का दावा है कि कुछ कर्मचारियों ने इस मामले की शिकायत हिंदू संगठन से की थी। इसके बाद करीब 50 कार्यकर्ता स्कूल पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। स्कूल परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की, जिससे दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प हो गई। करीब एक घंटे तक परिसर में हंगामा चलता रहा। मौके पर पहुंचा पुलिस बल घटना की सूचना मिलते ही कैंट, गोरा बाजार और गोरखपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर प्रदर्शनकारियों को स्कूल परिसर से बाहर किया। प्रदर्शन के बाद हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि ऐसी शिकायतें दोबारा मिलीं तो वे फिर आंदोलन करेंगे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
