जबलपुर के रानीताल के पास स्थित लंबे समय से बंद पड़ी BSNL टेलीग्राफ फैक्ट्री में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। जर्जर भवन को तोड़ने के दौरान ऊंची दीवार अचानक मजदूरों के ऊपर गिर गई। मलबे की चपेट में आने से दो मजदूरों नसीम और अकबर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री परिसर में कार्यालय के साथ कर्मचारियों के लिए बने रहवासी मकान भी लंबे समय से बंद थे और जर्जर हालत में पहुंच चुके थे। इन्हीं पुराने निर्माणों को तोड़ने का काम चल रहा था। बुधवार सुबह करीब 11 बजे 10 से अधिक मजदूर परिसर में काम कर रहे थे। इसी दौरान पुरानी ऊंची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई और मजदूर उसके नीचे दब गए। पुलिस और निगम की रेस्क्यू टीम पहुंची हादसे की सूचना मिलते ही मदनमहल थाना पुलिस और नगर निगम की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर दबे मजदूरों को बाहर निकाला। दो मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है। टीम अभी यह भी जांच कर रही है कि मलबे में कोई अन्य मजदूर तो दबा नहीं है। बारिश से कमजोर हुई थी दीवार मदनमहल थाना पुलिस के मुताबिक, फैक्ट्री की पुरानी जर्जर बिल्डिंग को तोड़ने का काम लंबे समय से चल रहा था। बुधवार को मजदूर भवन के ऊपर चढ़कर दीवार तोड़ रहे थे, तभी वह अचानक नीचे आ गिरी। प्रारंभिक तौर पर लगातार बारिश के कारण दीवार के कमजोर होने की बात सामने आ रही है। हादसे के बाद मौके पर मीडिया भी पहुंचा, लेकिन फैक्ट्री के गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने प्रवेश नहीं दिया। पुलिस और रेस्क्यू टीम की मौजूदगी में राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा। दीवार पर चढ़कर स्टील का शेड निकाल रहे थे टेलीग्राफ फैक्ट्री में पदस्थ एमएल मेहरा ने बताया कि बंद पड़ी BSNL फैक्ट्री से स्टील के शेड निकालने का काम जयपुर की फर्म एएस स्टील को दिया गया है। फर्म के मजदूर पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों के हैं। बुधवार को नसीम और अकबर भी शेड निकालने के काम में लगे थे। दोनों दीवार पर चढ़कर स्टील का शेड निकाल रहे थे और इसी दौरान दीवार को तोड़ा जा रहा था। अचानक ऊंची दीवार भरभराकर गिर गई और दोनों मजदूर मलबे में दब गए। रेस्क्यू कर उन्हें बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। मेहरा के मुताबिक मजदूर निर्धारित काम ही कर रहे थे। पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश होने के कारण पुरानी दीवार कमजोर हो गई थी, जिसके चलते वह अचानक गिर गई। हादसे में दो मजदूरों की जान चली गई। शव पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजे मदनमहल थाने के एसआई सतीश अनुरागी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतकों की पहचान नसीम और अकबर के रूप में हुई है। दोनों अपने साथियों के साथ काफी समय से फैक्ट्री में काम कर रहे थे। पुलिस ने ठेकेदार को बुलाया है। उसके पास मौजूद आधार कार्ड से मृतकों के मूल निवास की जानकारी जुटाई जाएगी। दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस हादसे के कारणों और सुरक्षा इंतजामों की जांच कर रही है।
