Homeमध्यप्रदेशजबलपुर में घर पर काम करने आई महिला की हत्या:गला दबाकर मारा,...

जबलपुर में घर पर काम करने आई महिला की हत्या:गला दबाकर मारा, पुलिस ने रेप की भी आशंका जताई, आरोपी की तलाश

मध्यप्रदेश के जबलपुर में घरों में काम करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। घमापुर थाना क्षेत्र में एक घरेलू कामगार महिला की कथित रूप से गला दबाकर हत्या कर दी गई। मामले में रेप की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी। वारदात के बाद आरोपी घर का दरवाजा बाहर से बंद कर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9 बजे स्थानीय लोगों ने घर की लाइट बंद और दरवाजा बाहर से बंद देखा। संदेह होने पर लोगों ने दरवाजा खोला तो अंदर महिला का शव पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही घमापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी दिनेश गौतम ने जांच के दौरान पाया कि महिला की गला दबाकर हत्या की गई है। मृतका की पहचान 38 वर्षीय आरती चौधरी के रूप में हुई है, जो घरों में सफाई का काम कर परिवार का पालन-पोषण करती थी। पुलिस पूछताछ में पता चला कि यह मकान अतुल कोरी का है, जो अपनी मां के साथ रहता था। दो दिन पहले उसकी मां किसी शादी समारोह में शहर से बाहर गई हुई थी। आरती रोजाना की तरह शुक्रवार शाम को काम करने अतुल के घर पहुंची थी। प्रारंभिक जांच में दुष्कर्म की आशंका प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि घर में अकेला होने का फायदा उठाकर आरोपी ने महिला के साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और बाद में गला दबाकर हत्या कर दी गई। स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि हत्या के बाद आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया, हालांकि पुलिस ने इस पर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस ने आरोपी अतुल कोरी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दुष्कर्म की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। घटना की सूचना मृतका के परिजनों को दे दी गई है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय पार्षद अरविंद ने घटना को बेहद निंदनीय बताते हुए कहा कि आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद एंबुलेंस करीब तीन घंटे बाद मौके पर पहुंची। पार्षद के अनुसार, मृतका का एक छोटा बच्चा भी है और वह मेहनत मजदूरी कर परिवार चला रही थी। उन्होंने दावा किया कि आरोपी अतुल कोरी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here