महाराजाधिराज श्री अग्रसेन जी महाराज की जन्म जयंती पर श्री सिरोंजिया अग्रवाल पंचायत समिति के तत्वावधान में भव्य आयोजन किया गया। जयंती के अवसर पर निकाले गए चल समारोह में हजारों समाजजन शामिल हुए। महाराजा अग्रसेन, माता माधवी और 18 राजकुमारों की झांकी के साथ माता महालक्ष्मी की पालकी, झांझ-मंजीरा और डमरू दल ने समारोह को विशेष आकर्षण प्रदान किया। आयोजन में भोपाल के 30 से अधिक सामाजिक संगठनों ने सहभागिता कर सामाजिक एकता और समरसता का संदेश दिया। पूजन के साथ लिया सामाजिक एकजुटता का संकल्प समिति के अध्यक्ष मनमोहन मंगल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में महाराजा अग्रसेन जी का पूजन किया गया। समिति के उपाध्यक्ष नवनीत अग्रवाल ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य समाज के गौरवशाली इतिहास और परंपराओं को सहेजने के साथ सामाजिक एकजुटता को मजबूत करना है। इस दौरान समाज के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाजसेवियों को शॉल, श्रीफल, दुपट्टा और तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। तुलसी के पौधे देकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। 20 से अधिक स्थानों पर पुष्पवर्षा से स्वागत शाम को निकाले गए चल समारोह में समाजजन पारंपरिक साफा पहनकर शामिल हुए। अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि डांडिया और भजनों की गूंज के बीच माता महालक्ष्मी की पालकी और रथ पर सवार महाराजा अग्रसेन जी, माता माधवी तथा 18 राजकुमारों की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। शोभायात्रा मार्ग पर 20 से अधिक स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। झांझ-मंजीरा और डमरू दल की प्रस्तुतियों ने भी लोगों का ध्यान खींचा। 30 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान चल समारोह के बाद पुष्पांजलि और मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें 30 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को भोपाल की महापौर मालती राय और सांसद आलोक शर्मा ने सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक एकता का संदेश देते हुए पौधों का वितरण भी किया गया। समाजसेवियों का किया सम्मान आयोजन में समाज के प्रति योगदान देने वाले घनश्याम गर्ग, बाबूलाल अग्रवाल, हरिवंश सराफ, एडवोकेट बीके सांघी, एडवोकेट जयनारायण गुप्ता, एडवोकेट रवि गोयल, सूर्यकांत गुप्ता, मनोज राठौर, विकास सोनी, कैलाश अग्रवाल, मोहन बल्लभ और हरि गोयल सहित अन्य समाजसेवियों का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मोहन गोयल, अजय अग्रवाल और लाला जी सहित समाज के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
