Homeछत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी, बिलासपुर में 44°C पारा:5 शहरों में 42°C के...

छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी, बिलासपुर में 44°C पारा:5 शहरों में 42°C के पार, सेंट्रल पार्ट में अंधड़-बारिश का अलर्ट, 40-50KM रफ्तार से हवा चलेगी

छत्तीसगढ़ में झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। पांच शहरों में पारा 42 डिग्री के पार पहुंच गया है। इस बीच मौसम विभाग ने कुछ जगहों पर अंधड़ और बारिश का अलर्ट जारी किया है। 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है, साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है। यह स्थिति अगले दो दिनों तक बनी रह सकती है। इसके पीछे यूपी में बने मौसम सिस्टम का असर बताया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है और यही स्थिति अगले तीन दिनों तक रह सकती है। हालांकि इसके बाद तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना जताई गई है। मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में अगले तीन दिनों तक लू चलने के आसार हैं, जिससे दिन के समय लोगों को ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है। बीते 24 घंटों में प्रदेश में मौसम पूरी तरह सूखा रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। तापमान की बात करें तो बिलासपुर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सबसे कम रहा।

दो दिन बदला रहेगा मौसम का मिजाज मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि आज कुछ जगहों हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। वहीं, कुछ इलाकों में हीट वेव के साथ-साथ गर्म रात की स्थिति भी बनी रह सकती है। दो दिनों तक ऐसी स्थिति बन रह सकती है। अगले दो दिन भी मिलेजुले संकेत आने वाले दो दिनों के दौरान भी प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। इसके साथ ही आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। हालांकि, इस दौरान भी कुछ हिस्सों में लू का असर जारी रह सकता है। रायपुर में 45°C तक पहुंच सकता है पारा राजधानी में आज हीट वेव की चेतावनी जारी की गई है। यहां अधिकतम तापमान करीब 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जिससे दिन और रात दोनों समय गर्मी का असर महसूस होगा।
गर्मी से बचाव जरूरी मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि तेज गर्मी और लू से बचने के लिए दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और धूप में निकलते समय सिर और शरीर को ढककर रखें। क्यों बढ़ रही गर्मी? मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक विदर्भ से लेकर दक्षिण भारत तक ट्रफ लाइन और बंगाल-ओडिशा क्षेत्र में ऊपरी हवा के चक्रवाती प्रभाव के चलते गर्म और शुष्क हवाओं का असर बना हुआ है। इसी वजह से तापमान में बढ़ोतरी हो रही है।
क्या है हीट वेव? मौसम विभाग के अनुसार मैदानी इलाकों में जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक पहुंच जाता है, तब लू की स्थिति बन सकती है। सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री ज्यादा तापमान होने पर हीट वेव मानी जाती है। सामान्य से 6.4 डिग्री से अधिक बढ़ने पर सीवियर हीट वेव घोषित होती है। अगर वास्तविक अधिकतम तापमान 45 डिग्री या उससे ऊपर पहुंच जाए तो भी हीट वेव मानी जाती है। 47 डिग्री या उससे अधिक होने पर सीवियर हीट वेव की स्थिति बनती है।
वार्म नाइट का भी खतरा मौसम विभाग ने गर्म रातों (Warm Night) को लेकर भी चेतावनी दी है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री ज्यादा होने पर वार्म नाइट और इससे अधिक होने पर वेरी वार्म नाइट माना जाता है। ऐसी स्थिति में रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलती।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here