रायसेन में मंगलवार शाम करीब 4 बजे इंदौर से सागर जा रही एक स्लीपर कोच बस में अचानक आग लग गई। घटना सेहतगंज के पास हुई, जहां बस के अगले हिस्से से लपटें उठती देख यात्रियों में हड़कंप मच गया। चालक ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोका, जिससे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकलने का मौका मिल गया। बस में करीब 50 यात्री सवार थे। आग लगते ही बस के अंदर तेजी से धुआं भर गया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। लोग दरवाजे खोलकर तुरंत बाहर निकले और संभावित धमाके के डर से करीब 200 मीटर दूर जाकर खड़े हो गए। देखिए तीन तस्वीरें… बैटरी में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग चालक की सीट के नीचे और स्टीयरिंग के पास से शुरू हुई। शुरुआती जांच में बस की बैटरी में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। स्थिति बिगड़ने से पहले ही चालक और परिचालक ने मौके पर पानी डालकर आग पर काबू पा लिया। उनकी तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद कुछ देर तक मौके पर तनाव बना रहा, लेकिन आग बुझने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। इन दिनों रायसेन में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है, जिससे वाहनों में आग लगने का खतरा बढ़ गया है।
