Homeमध्यप्रदेशघर में मिला महिला का शव, पति गायब:बाहर से बंद था कमरा;...

घर में मिला महिला का शव, पति गायब:बाहर से बंद था कमरा; 2-3 दिन पुराना बताया जा रहा शव, कई पहलुओं पर जांच जारी

जबलपुर के आधारताल क्षेत्र में घर के भीतर एक महिला का शव मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल पर महिला का पति मौजूद नहीं मिला, जबकि उसका 8 वर्षीय बेटा घर में डरा-सहमा मिला। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, महिला ने दो वर्ष पहले कटनी के विजयराघवगढ़ निवासी मयंक सिंह से दूसरा विवाह किया था। उसके पहले पति से एक 8 वर्षीय बेटा है, जो उसके साथ ही रहता था। शुक्रवार रात आधारताल थाना पुलिस को सूचना मिली कि आमनपुर क्षेत्र स्थित एक घर से दुर्गंध आ रही है और अंदर एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान महिला का शव घर के फर्श पर मिला। पुलिस के अनुसार, शव दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। पड़ोसियों से पूछताछ में पुलिस को महिला के पारिवारिक संबंधों और दूसरे विवाह की जानकारी मिली। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और महिला के पति की तलाश की जा रही है। बाहर से बंद था कमरा, ताला तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस टीआई ने बताया कि घर के दरवाजे पर बाहर से ताला लगा हुआ था, जिसे तोड़कर पुलिस अंदर पहुंची। मृतका की पहचान आमनपुर के कालीमठ निवासी नेहा सिंह (35) के रूप में हुई। नेहा अपने दूसरे पति मयंक सिंह के साथ न्यू कंचनपुर क्षेत्र में किराए के मकान में रहती थी। उसके पहले पति का निधन हो चुका था और उससे एक 8 वर्षीय बेटा है। करीब दो वर्ष पहले नेहा ने मयंक से विवाह किया था। कमरे से दुर्गंध आने पर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी थी। आधारताल पुलिस जब मौके पर पहुंची और कमरे का ताला तोड़ा, तो नेहा का शव रसोई में पड़ा मिला। महिला के गले में दुपट्टे का फंदा था, जिसका दूसरा सिरा पंखे से बंधा हुआ था। सूचना मिलने पर एफएसएल, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पति-पत्नी के विवाद की जानकारी, कई बिंदुओं पर जांच जारी प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मयंक शुक्रवार को बच्चे को अपनी बहन के घर छोड़कर गया था। स्थानीय लोगों ने उसे शोभापुर की ओर रेलवे पटरियों के पास जाते देखा था, लेकिन इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला। वहीं, बच्चे ने पुलिस को बताया कि पिछले दो दिनों से उसे अपनी मां से मिलने नहीं दिया जा रहा था। पिता उससे कहते थे कि मां बाहर गई है। पूछताछ में पुलिस को पति-पत्नी के बीच विवाद की जानकारी भी मिली है। शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि महिला की मौत दो से तीन दिन पहले हुई होगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उधर, मयंक सिंह अब भी लापता है। उसकी कार शोभापुर रेलवे फाटक के पास मिली, जिसे रांझी थाना पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here