Homeमध्यप्रदेशघर-घर पहुंचकर बच्चों की जांच कर रहे डॉक्टर:गैस्ट्रोएंटेराइटिस, डिहाइड्रेशन के मिले लक्षण;...

घर-घर पहुंचकर बच्चों की जांच कर रहे डॉक्टर:गैस्ट्रोएंटेराइटिस, डिहाइड्रेशन के मिले लक्षण; शिशुकुंज स्कूल में लंच के बाद 150 बच्चों की बिगड़ी थी तबीयत

इंदौर के शिशुकुंज स्कूल में लंच के बाद 150 से अधिक बच्चों की तबीयत बिगड़ने के मामले के बाद अब स्कूल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग दोनों सतर्क हो गए हैं। मंगलवार को स्कूल पहुंचे अधिकांश विद्यार्थी घर से टिफिन लेकर आए। वहीं घटना के बाद स्कूल में विद्यार्थियों की उपस्थिति भी सामान्य दिनों की तुलना में कम रही। सोमवार को प्रशासन द्वारा किचन सील करने के बाद स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों को ई-मेल भेजकर फिलहाल बच्चों को घर से भोजन भेजने का आग्रह किया था। इसके बाद छात्र-छात्राएं अपना टिफिन लेकर स्कूल पहुंचे। डॉक्टरों की टीम ने घर-घर जाकर बच्चों की जानकारी ली मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने बीमार बच्चों की मॉनिटरिंग शुरू कर दी है। मंगलवार को डॉक्टरों की टीम करीब 30 बच्चों के घर पहुंची और उनके स्वास्थ्य की जांच की। डॉक्टरों ने परिजन से बच्चों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और यह सुनिश्चित किया कि किसी बच्चे की हालत गंभीर तो नहीं है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बुधवार को भी अन्य प्रभावित बच्चों के घर जाकर स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। पेट दर्द, उल्टी और डिहाइड्रेशन की शिकायत शनिवार को स्कूल में लंच करने के बाद कई बच्चों को पेट दर्द, उल्टी, घबराहट और कमजोरी की शिकायत शुरू हुई थी। जांच के दौरान कई बच्चों में गैस्ट्रोएंटेराइटिस और डिहाइड्रेशन के लक्षण पाए गए। घटना के बाद चिंतित अभिभावकों ने सोमवार को स्कूल परिसर पहुंचकर विरोध जताया था। प्रभावित बच्चों में अधिकांश चौथी कक्षा तक के विद्यार्थी शामिल हैं। 85 विद्यार्थियों को एहतियातन घर भेजा गया मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. माधव हसानी ने बताया कि विभाग द्वारा जुटाई गई जानकारी के अनुसार, स्कूल प्रशासन ने 85 विद्यार्थियों को अस्वस्थ महसूस होने पर एहतियात के तौर पर घर भेजा था। इसके अलावा स्कूल को इस संबंध में करीब 35 ई-मेल भी प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल कोई भी बच्चा अस्पताल में एडमिट नहीं है और सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। किचन सील, जांच रिपोर्ट का इंतजार सोमवार को जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने स्कूल परिसर में चार घंटे से अधिक समय तक जांच की थी। निरीक्षण के दौरान किचन में एक्सपायरी डेट निकल चुके मसाले, नमकीन सहित कुछ अन्य खाद्य सामग्री मिलने पर किचन को सील कर दिया गया था। जांच दल ने पनीर, दूध, आईसक्रीम, दाल, तैयार भोजन, मसाले, पानी समेत 23 खाद्य नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे हैं। अब सभी की निगाहें लैब रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि बच्चों की तबीयत बिगड़ने के पीछे वास्तविक कारण क्या था। मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… इंदौर के शिशुकुंज स्कूल की किचन सील, केस दर्ज इंदौर के शिशुकुंज स्कूल पर सोमवार को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने छापा मारा। जांच के दौरान किचन में 10 पैकेट ऐसे मसालों के मिले, जिनकी एक्सपायरी डेट गुजर चुकी है। नमकीन के दो एक्सपायर्ड पैकेट भी पाए गए। अधिकारियों ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए किचन को सील कर दिया। आगे की कार्रवाई के लिए स्कूल के खिलाफ प्रकरण भी दर्ज किया गया है। पढ़िए पूरी खबर।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here