मंडला जिले के बम्हनी थाना क्षेत्र के सिलगी गांव में घरेलू विवाद के बाद मां-बेटे ने कीटनाशक पी लिया। दोनों की हालत गंभीर है और उन्हें मंडला जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, सिलगी निवासी बसंत नंदा का अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर पत्नी ने मरने की धमकी दी और घर के अंदर चली गई। इसी दौरान बसंत नंदा ने कीटनाशक का सेवन कर लिया। बेटे को देख मां ने भी पीया कीटनाशक बेटे को कीटनाशक पीते देख उसकी 61 वर्षीय मां अनसुइया नंदा ने भी कीटनाशक का सेवन कर लिया। दोनों की तबीयत बिगड़ने पर परिजन ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनी पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मंडला जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में इलाज जारी, पुलिस जांच में जुटी मंडला जिला अस्पताल में मां-बेटे का इलाज जारी है और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
