ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र स्थित आदित्यपुरम में सेना से रिटायर्ड सूबेदार के घर हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गई 7.65 एमएम रिवॉल्वर, सोने-चांदी के आभूषण, एलईडी टीवी समेत करीब 8 लाख रुपए का माल बरामद किया है। जानकारी के अनुसार, वैष्णवीधाम फेस-2, आदित्यपुरम निवासी बृजेश कुमार सिंह सेना से रिटायर्ड सूबेदार हैं। उन्होंने 29 अक्टूबर 2023 को महाराजपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह पत्नी के साथ घर से बाहर गए थे। लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। चोर अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात, 50 हजार रुपए नकद, एलईडी टीवी और उनकी लाइसेंसी 7.65 एमएम रिवॉल्वर चोरी कर ले गए थे। मामले में अहम सुराग हजीरा थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी राजकुमार जाटव से पूछताछ के दौरान मिला। इसके बाद महाराजपुरा पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथी प्रदीप राठौर के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने प्रदीप राठौर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए जेवरात और एलईडी टीवी बरामद किए गए। पूछताछ में प्रदीप ने बताया कि चोरी की गई रिवॉल्वर उसने देवेंद्र यादव को बेच दी थी। जानकारी के आधार पर पुलिस ने देवेंद्र यादव को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लाइसेंसी रिवॉल्वर भी बरामद कर ली। इस कार्रवाई के साथ पुलिस ने चोरी गया अधिकांश सामान बरामद कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ जारी है। उनसे शहर में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है। साथ ही उनके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य वारदातों में संलिप्तता की जांच की जा रही है।
