ग्वालियर में बुधवार को बलराम जयंती महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। किसान कल्याण वर्ष के उपलक्ष्य में इस प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में किसान क्रेडिट कार्ड पोर्टल का शुभारंभ किया जाएगा। साथ ही शून्य प्रतिशत ब्याज योजना के सरलीकरण एवं कृषक कवच योजना भी शुरू होगी। प्रदेश में नवीन पंजीकृत 200 प्राथमिक कृषि सहकारी संस्थाओं (पैक्स) के कार्यालयों का भी शुभारंभ भी किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर भी शिरकत करेंगे। किसानों का सम्मान करेंगे सीएम यादव
बलराम जयंती महोत्सव में मुख्यमंत्री डॉ. यादव पैक्स के नवीन सदस्यों को अंशपूंजी प्रमाण-पत्र, प्रदेश के तीन उत्कृष्ट जिला सहकारी बैंकों एवं पांच उत्कृष्ट पैक्स संस्थाओं को प्रमाण-पत्र प्रदान करेंगे। साथ ही उत्कृष्ट पैक्स संस्थाओं को चैक भी वितरित करेंगे। गौ संवर्धन, जैविक खेती एवं फलोद्यान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे जिले के तीन किसानों को क्रमशः राजमाता विजयाराजे सिंधिया पुरस्कार, कुशाभाऊ ठाकरे पुरस्कार एवं मुख्यमंत्री किसान कल्याण पुरस्कार भी मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा प्रदान किए जाएंगे। आयोजन स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा किसान हितैषी योजनाओं और कार्यक्रमों पर केंद्रित प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। सुबह 10.30 बजे से शुरू होंगे कार्यक्रम, 2 बजे आएंगे सीएम यादव बलराम जयंती महोत्सव के कार्यक्रम मेला मैदान में बनाए गए भव्य मंच पर प्रातः 10.30 बजे से प्रारंभ होंगे। इस अवसर पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, कन्हैया लोकगीत सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां होंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का महोत्सव में दोपहर 2 बजे के बाद आगमन होगा। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव किसान हितैषी सौगातों का शुभारंभ और उत्कृष्ट किसानों को सम्मानित करेंगे। साथ ही बलराम महोत्सव में मौजूद किसानों को संबोधित भी करेंगे। बाहर से आने वाले वाहनों के लिए यहां रहेगी पार्किंग ग्वालियर में बुधवार (2 सितंबर 2026) को बलराम जयंती पर किसान समारोह में सीएम डॉ. मोहन यादव, केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर समेत कई मंत्रियों के वीआईवी भ्रमण और कार्यक्रम के दौरान शहर के बाहर (विभिन्न जिलों व कस्बों) से आने वाले वाहनों के लिए यातायात पुलिस ने विस्तृत रूट और पार्किंग प्लान जारी किया है। बसों, चार पहिया वाहनों और ट्रैक्टरों के लिए अलग-अलग एंट्री रूट और पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी छोटे-बड़े वाहनों को दोपहर 12:00 बजे तक अपनी-अपनी निर्धारित पार्किंग में पहुंचना अनिवार्य होगा।
