Homeमध्यप्रदेशग्वालियर में पिस्टल लहराकर दहशत फैलाने पहुंचा युवक गिरफ्तार:वायरल वीडियो से मचा...

ग्वालियर में पिस्टल लहराकर दहशत फैलाने पहुंचा युवक गिरफ्तार:वायरल वीडियो से मचा हड़कंप; जांच में निकली लाइटर वाली नकली पिस्टल पुलिस ने आरोपी दबोचा; पूछताछ जारी

ग्वालियर के किलागेट थाना क्षेत्र स्थित लोहामंडी इलाके में बीच बस्ती एक युवक द्वारा हाथ में पिस्टल लहराकर दूसरे युवक को धमकाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और कुछ ही देर में आरोपी युवक को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से पिस्टल बरामद कर ली। हालांकि जांच के दौरान जो खुलासा हुआ, उसने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया। पुलिस की जांच में सामने आया कि जिस हथियार को देखकर लोग असली पिस्टल समझ रहे थे, वह दरअसल लाइटर के रूप में इस्तेमाल होने वाली नकली पिस्टल थी। जानकारी के मुताबिक आरोपी छोटू शुक्ला, निवासी खाच्चाराम लोहामंडी, का पासी मोहल्ले में रहने वाले अमन रजक उर्फ ठुल्ली से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी विवाद का बदला लेने और अमन रजक को डराने-धमकाने के उद्देश्य से छोटू शुक्ला बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात करीब 12:45 बजे उसके घर पहुंच गया। वहां उसने हाथ में पिस्टल जैसी दिखने वाली वस्तु लहराकर धमकी देने की कोशिश की। इस दौरान अमन रजक ने घबराने के बजाय अपने मोबाइल फोन से आरोपी का वीडियो बना लिया। इसके बाद उसने यह वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। गुरुवार रात वीडियो तेजी से वायरल होने लगा। वीडियो में युवक खुलेआम पिस्टल लहराता दिखाई देने से लोगों में दहशत का माहौल बन गया और मामला पुलिस तक पहुंच गया। वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आते ही किलागेट थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने कुछ ही समय में छोटू शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से बरामद पिस्टल की जांच कराई। जांच में पता चला कि वह असली अवैध हथियार नहीं, बल्कि लाइटर वाली नकली पिस्टल थी, जो देखने में बिल्कुल असली जैसी लग रही थी। पुलिस का कहना है कि भले ही बरामद वस्तु असली हथियार नहीं निकली, लेकिन उसका इस्तेमाल कर लोगों में भय और दहशत फैलाने का प्रयास किया गया। इस कारण आरोपी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए धारा 151 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। वही यह भी पता लगाया जा रहा है कि विवाद की असली वजह क्या थी और आरोपी ने पहले भी इस तरह की हरकत की है या नहीं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने या किसी को डराने-धमकाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here