मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड ने दो साथियों के साथ मिलकर बुजुर्ग दंपती की हत्या कर दी। सोते समय उनके सिर पर पत्थरों से कई वार किए। हत्या के बाद घर से चांदी के जेवर भी लूट लिए। मामला गरोठ के चांदवाड़ा का है। वारदात में शामिल एक आरोपी ने 27 अगस्त को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को मिले सुसाइड नोट में उसने लिखा- मैं हत्यारा हूं, मैंने 2 खून किए। आरोपियों ने बुजुर्ग महिला के चांदी के जेवर लूटने के लिए वारदात की थी। वारदात से जुड़ी तस्वीरें देखिए… बेटे ने दर्ज कराई थी माता-पिता की हत्या की रिपोर्ट 25 अगस्त को चांदवाड़ा निवासी नारायण पिता देवीलाल बंजारा (35) ने गरोठ थाने में माता-पिता की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि उसके पिता देवीलाल और मां भुलीबाई गांव के खेत की झोपड़ी में रात को सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात लोगों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में देवीलाल के सिर पर भारी पत्थर से वार किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। भुलीबाई गंभीर रूप से घायल मिलीं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। चांदी के जेवरों की जानकारी से रची गई साजिश पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि चांदवाड़ा निवासी संताबाई ने अपने प्रेमी कान्हा उर्फ करण बैरागी और उसके साथियों पवन बागरी और राजेश के साथ लूट की योजना बनाई थी। संताबाई ने आरोपियों को बताया था कि खेत की झोपड़ी में रहने वाली बुजुर्ग महिला चांदी के आभूषण पहनती है। पुलिस के अनुसार, कान्हा और पवन को पैसों की जरूरत थी। चांदी के जेवर मिलने की उम्मीद में आरोपियों ने बुजुर्ग दंपती को निशाना बनाने की योजना बनाई। बाद में लूट के साथ हत्या की साजिश भी रची गई। वारदात वाली रात संताबाई ने कान्हा और उसके साथियों को बुजुर्ग दंपती के सोने की जगह दिखाई। इसके बाद वह बाहर रहकर निगरानी करती रही। आरोपी झोपड़ी में पहुंचे। इसके बाद सो रहे दंपती पर हमला कर दिया। जेवर लेकर मौके से भाग गए। हत्या के तीन दिन बाद आरोपी राजेश ने किया सुसाइड मामले में शामिल बताए जा रहे राजेश ने 27 अगस्त को आत्महत्या कर ली। पुलिस को उसके पास से सुसाइड नोट मिला। इसमें उसने अपने भाई रंजीत के लिए लिखा- चांदवाड़ा में बुजुर्ग दंपती की हत्या में मैं शामिल था। पुलिस के मुताबिक, नोट में राजेश ने खुद को हत्यारा बताते हुए लिखा कि वह अपने भाई से नजर नहीं मिला पाएगा। उसने दंपती की हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की। दावा किया कि उससे यह हत्या जबरदस्ती करवाई गई थी। राजेश की कॉल डिटेल से खुला राज पुलिस ने राजेश की कॉल डिटेल खंगाली तो वारदात वाले दिन चारों के मोबाइल एक्टिव मिले। 28 अगस्त को संताबाई को पूछताछ के लिए पकड़ा गया। पूछताछ में उसने वारदात कबूल कर प्रेमी कान्हा और पवन के नाम बताए। इसके बाद पुलिस ने दोनों को भी पकड़ लिया। जोधपुर में हुई थी कान्हा-संताबाई की मुलाकात संताबाई शादीशुदा है और पति को छोड़कर करीब 2 साल से मायके चांदबड़ा में रह रही है। करीब डेढ़ साल पहले मजदूरी के लिए जोधपुर गई थी, जहां उसकी मुलाकात कान्हा से हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया। करीब 3 महीने बाद दोनों लौट आए, लेकिन गांव में भी मिलना-जुलना जारी रहा। पैसों की तंगी में रची लूट-हत्या की साजिश कान्हा शामगढ़ थाना क्षेत्र के सगोरिया गांव का रहने वाला है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि करीब 3 महीने से पैसों की तंगी थी। इसी के चलते लूट और हत्या की साजिश रची। पुलिस ने आरोपियों से 250 ग्राम वजनी चांदी के कड़े बरामद किए हैं। 50 हजार रुपए के चांदी के कड़े बरामद गरोठ SDOP विजय कुमार यादव ने बताया- तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। करीब 50 हजार रुपए कीमत के चांदी के कड़े बरामद किए गए हैं। वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर की प्लेट की बाइक, 3 मोबाइल फोन, खून से सने कपड़े और पत्थर भी जब्त किए गए हैं। ………………………………………………. यह खबर भी पढ़ें पत्नी पर चाकू से 35 वार, गले में बड़ा छेद रतलाम में पत्नी की चाकू मारकर हत्या करने का आरोपी थाने में पत्नी से मिलाने की जिद करता रहा। वह पत्नी का नाम लेकर कहता रहा, “रुकैया से मिला दो।” आरोप है कि पति ने पत्नी के गले से छाती तक 35 चाकू के वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर…
