Homeछत्तीसगढ़गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड निकले 4.90 लाख उठाईगिरी के मास्टरमाइंड:शराब पार्टी की, कपड़े खरीदे, कारोबारी...

गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड निकले 4.90 लाख उठाईगिरी के मास्टरमाइंड:शराब पार्टी की, कपड़े खरीदे, कारोबारी की रेकी कर कार का शीशा तोड़ा, पैसे उड़ाए थे

छत्तीसगढ़ के दुर्ग में कार का शीशा तोड़कर 4.90 लाख रुपए की उठाईगिरी का मास्टर प्लान गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड ने मिलकर तैयार किया था। कई दिनों तक कारोबारी की रेकी की गई और सही मौका मिलते ही कार का शीशा तोड़कर कैश से भरा बैग लेकर आरोपी फरार हो गए। चोरी के बाद किसी ने बाइक की मरम्मत कराई, किसी ने नए कपड़े खरीदे तो कुछ आरोपी कई दिनों तक पार्टी करते रहे। CCTV फुटेज के आधार पर पहचान होने के बाद पुलिस ने सोमवार को गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि आरोपी पहले पीड़ित के यहां काम कर चुका है। मामला पुलगांव थाना क्षेत्र का है। जानिए क्या था पूरा मामला 28 जुलाई को मुक्त नगर निवासी व्यापारी प्रमोद महेश्वरी स्विफ्ट कार में करीब 4.90 लाख रुपए लेकर निकले थे। उन्होंने पोटिया रोड स्थित उत्सव होंडा शोरूम के सामने कार खड़ी की और दूसरे काम से चले गए। कुछ देर बाद लौटने पर कार के आगे बाईं ओर का शीशा टूटा मिला और कैश से भरा बैग गायब था। इसके बाद पुलगांव थाने में चोरी का मामला दर्ज किया गया। एसीसीयू और पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास करीब 5 किलोमीटर के दायरे में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।जांच के दौरान पुलिस की नजर शोरूम के एक कर्मचारी पर गई, जो बाद में मुख्य आरोपी निकला। उसकी निशानदेही पर पूरे गिरोह को गिरफ्तार किया गया। गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड निकले मास्टरमाइंड पुलिस के मुताबिक इस पूरे मामले के मास्टरमाइंड भुवनेश्वर डहरिया और सपना राजपूत हैं। दोनों गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड हैं और उत्सव होंडा शोरूम में साथ काम करते थे। भुवनेश्वर शोरूम की डेमो कार चलाता था, जबकि सपना वहीं कर्मचारी थी। गिरोह में भुवनेश्वर का मामा संतोष जोशी, संजय साहू और जितेंद्र कुमार भी शामिल थे। कई दिनों तक की कारोबारी की रेकी जांच में पता चला कि भुवनेश्वर कई दिनों से कारोबारी प्रमोद महेश्वरी की दिनचर्या पर नजर रख रहा था। उसे मालूम था कि प्रमोद महेश्वरी रोज सुबह कैश से भरा बैग कार में लेकर आते हैं, शोरूम के सामने कार खड़ी करते हैं और कुछ देर के लिए बाहर चले जाते हैं। इसी जानकारी के आधार पर पूरी साजिश रची गई। वारदात वाले दिन कारोबारी की कार पहुंचते ही भुवनेश्वर ने पहले अपनी डेमो कार हटाई। इसके बाद उसने सपना से एक्टिवा की चाबी ली और साथी संजय साहू के पास पहुंच गया। इसके बाद पूरी टीम एक्टिव हो गई। पुलिस को गुमराह करने के लिए बदले 3 वाहन जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए तीन अलग-अलग दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल किया। पहले एक्टिवा से साथी के पास पहुंचे, फिर दो अलग-अलग बाइक से घटनास्थल पहुंचे। वारदात के बाद भी सभी आरोपी अलग-अलग रास्तों से निकले और बाद में एक जगह इकट्ठा हुए, ताकि CCTV फुटेज से उनकी गतिविधियों का आसानी से पता न चल सके। इसके बाद पत्थर से कार का शीशा तोड़कर कैश से भरा बैग लेकर फरार हो गए। पैसों से किसी ने बाइक बनवाई, किसी ने की पार्टी सभी आरोपी अपने एक साथी के कमरे पर पहुंचे, जहां रकम का बंटवारा किया गया। पुलिस के अनुसार भुवनेश्वर ने उसी दिन एटीएम के जरिए अपनी गर्लफ्रेंड सपना राजपूत के बैंक खाते में 1.04 लाख रुपए जमा कराए। करीब 30 हजार रुपए बाइक की मरम्मत और अन्य खर्चों में लगाए गए। बाकी रकम साथियों में बांट दी गई। किसी ने नए कपड़े खरीदे तो एक आरोपी कई दिनों तक दोस्तों के साथ शराब, बीयर और पार्टी करता रहा। पुलिस जब तक आरोपियों तक पहुंची, तब तक चोरी की ज्यादातर रकम खर्च हो चुकी थी। यही कारण रहा कि पुलिस केवल 1.57 लाख रुपए ही बरामद कर सकी। एक कॉल ने मामा को भी पहुंचा दिया जेल मामले में मोड़ तब आया, जब पुलिस जांच करते हुए भुवनेश्वर के मामा संतोष जोशी तक पहुंची। शुरुआत में उसने चोरी की रकम की जानकारी होने से इनकार कर दिया। इसी दौरान पुलिस सपना राजपूत के घर पहुंची, तभी संतोष जोशी का सपना के मोबाइल पर कॉल आया। पुलिस ने सपना से स्पीकर ऑन कर बातचीत कराई। फोन पर संतोष ने कहा कि भुवनेश्वर पुलिस के हाथ लग गया है, लेकिन यह मत बताना कि तुम्हारे खाते में जो 1 लाख रुपए आए हैं, वह उसी ने जमा किए हैं। पुलिस ने पूरी बातचीत सुन ली। इसके बाद स्पष्ट हो गया कि संतोष जोशी को चोरी की रकम की जानकारी थी। पुलिस के मुताबिक उसने चोरी की रकम में से 10 हजार रुपए भी लिए थे और खर्च किए थे। इसके बाद उसे भी सह-आरोपी बनाकर गिरफ्तार कर लिया गया। 3 लोगों ने रची थी पूरी साजिश पुलिस जांच के अनुसार, इस पूरी वारदात की योजना भुवनेश्वर डहरिया, उसकी गर्लफ्रेंड सपना राजपूत और संजय साहू ने मिलकर बनाई थी। बाकी आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने और रकम ठिकाने लगाने में उनकी मदद की थी। इस मामले में भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि मास्टरमाइंड भुवनेश्वर डहरिया प्रमोद महेश्वरी के यहां काम करता था। उसने रेकी करने के बाद गर्लफ्रेंड और बाकी साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। …………………. क्राइम से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… रामानुजगंज में ज्वेलरी शॉप से 8 लाख की उठाईगिरी; VIDEO: दिनदहाड़े जेवर भरा बैग लेकर भागे बाइक सवार बदमाश, वारदात से पहले की थी रेकी छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज में मंगलवार को दिनदहाड़े बाइक सवार 2 युवकों ने उठाईगिरी को अंजाम दिया। दोनों बदमाश ज्वेलरी शॉप की संचालक के पास रखा सोने-चांदी के जेवरों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। वारदात CCTV कैमरे में कैद हुई है। मामला रामानुजगंज थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here