गरोठ विकासखंड के अलग-अलग स्कूलों में शिक्षकों और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए सेवानिवृत्ति विदाई समारोह आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में अपनी सेवा पूरी कर रिटायर हो रहे साथियों को उनके सफल कार्यकाल के लिए सम्मानित किया गया और बधाई दी गई। इस दौरान खड़ावदा संकुल के कार्यक्रम में शिक्षिका पुष्पा डपकरा ने देहदान करने का ऐलान कर समाज सेवा की एक अनूठी मिसाल पेश की। खड़ावदा संकुल में आयोजित कार्यक्रम में बद्रीलाल भलवारा (शिक्षक, पीएस मलकाना), प्रहलाद भलवारा (शिक्षक, एमएस चापल्य खेड़ी), सत्यनारायण मालवीय (अध्यापक, एमएस भूतिया बाग) और पुष्पा डपकरा (खरातिया) को विदाई दी गई। देहदान की घोषणा इस भावुक पल में शिक्षिका पुष्पा डपकरा ने समाज कल्याण के लिए मृत्यु के बाद अपना शरीर दान (देहदान) करने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने 11,000 रुपए की राशि भी दान करने की बात कही। खड़ावदा के इस कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) देवेंद्र सिंह सिसोदिया और बीआरसीसी नेपाल सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शिक्षाविद् सुरेश पाटीदार और व्याख्याता गंधर्व ने भी जीवन में सेवानिवृत्ति के महत्व को समझाया। कार्यक्रम का संचालन चांदमल पाटीदार और जनशिक्षक बाबूलाल प्रजापत ने किया, जबकि आभार संकुल प्रभारी दीपिका भाटी और विक्रम मेघवाल ने माना। बोलिया संकुल में भी हुआ विदाई समारोह इसी तरह शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बोलिया संकुल में भी मधुबाला जैन और पिरुलाल वर्मा का सेवानिवृत्ति विदाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन भी बीईओ देवेंद्र सिंह सिसोदिया, बीआरसीसी तोमर और संकुल प्राचार्य एके पटेल की मौजूदगी में संपन्न हुआ, जहां संकुल के सभी शिक्षक साथियों ने दोनों को शुभकामनाएं दीं। इसके अलावा विकासखंड के वरिष्ठ शिक्षक पूरनचंद शर्मा, रामलाल सूर्यवंशी और कल्पना जैन भी 30 जून को अपनी उम्र पूरी कर सेवा से निवृत्त हो गए। इस मौके पर पूरे शिक्षा विभाग और सहकर्मियों ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके आने वाले भविष्य के लिए स्वस्थ और सुखी जीवन की शुभकामनाएं दीं।
