खंडवा जिले के नर्मदानगर थाना क्षेत्र के पामाखेड़ी गांव में गुरुवार सुबह 6 बजे स्कॉर्पियो सवार 8 बदमाशों ने एक किसान के घर लूट की वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों ने घर के 3 चौकीदारों को बंधक बनाकर 1 लाख 60 हजार रुपए नकद और एक 12 बोर की बंदूक लूट ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लूट की यह वारदात पामाखेड़ी गांव के रहने वाले संपन्न किसान ललित सोलंकी के घर हुई है। गुरुवार सुबह करीब 6 बजे स्कॉर्पियो से आए 8 बदमाशों ने घर में घुसकर सबसे पहले तीन चौकीदारों के साथ मारपीट की। इसके बाद बदमाशों ने उन्हें बंधक बना लिया और कमरों में जाकर अलमारियों के ताले तोड़कर 1.60 लाख रुपए नकद व 12 बोर की बंदूक अपने कब्जे में ले ली। वारदात के वक्त घर से बाहर था परिवार घटना की जानकारी मिलने पर नर्मदानगर थाना टीआई विकास खिंची तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। वारदात के समय पीड़ित किसान ललित और उनके परिवार के अन्य सदस्य घर से बाहर गए हुए थे। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने आते ही चौकीदारों से पूछा था कि ‘ललित कहां है?’, जिससे अंदेशा है कि लूट करने वाले बदमाश परिवार से पूर्व परिचित हो सकते हैं। वन समिति के पूर्व अध्यक्ष हैं ललित के पिता पीड़ित किसान ललित के पिता वासुदेव सोलंकी पूर्व में चांदगढ़ रेंज की वन समिति के अध्यक्ष रह चुके हैं। सोलंकी परिवार के पास गांव में करीब 40 एकड़ खेती की जमीन है और कार, बस सहित अन्य कई संसाधन भी मौजूद हैं। पुलिस इलाके में लगे कैमरों की जांच कर रही है। वारदात में इस्तेमाल किए गए बदमाशों के स्कॉर्पियो वाहन को वन विभाग के सीसीटीवी कैमरे में देखा गया है।
