छिंदवाड़ा के जुन्नारदेव क्षेत्र में दमुआ-छिंदवाड़ा मार्ग पर शनिवार को कोयले से भरे ट्रक और बाइक की टक्कर के बाद बड़ा सड़क हादसा हो गया। ट्रक पहले बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मारते हुए अनियंत्रित होकर सग्गम घाटी के पास पलट गया। हादसे में बाइक सवार तीनों लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, ट्रक में चालक नंदू और परिचालक राजीव राजभोपा सवार थे। ट्रक जमकुंडा से कोयला भरकर सारणी की ओर जा रहा था। इसी दौरान दमुआ-छिंदवाड़ा मार्ग पर बाइक सवार ओमकार यादव, सुभाष यादव और जगन्नाथ यादव ट्रक की चपेट में आ गए। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। सड़क पर फैल गया कोयला ट्रक पलटने से उसमें भरा कोयला सड़क पर बिखर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल दमुआ अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार तीनों का उपचार जारी है, जबकि दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हटाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
