बालाघाट में कुएं की जहरीली गैस की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। घटना गुरुवार शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच किरनापुर थाना क्षेत्र के पिपरटोला गांव की है। दोनों किसान मोटर सुधारने के लिए कुएं में उतरे थे। जानकारी के मुताबिक, पिपरटोला के रहने वाले युवराज बिसेन (55) के खेत के पास बने कुएं की मोटर खराब हो गई थी। इसे सुधारने के लिए युवराज अपने परिचित महेश चौधरी (45) के साथ कुएं के अंदर गए थे। लेकिन कुएं में मौजूद जहरीली गैस के कारण दोनों तुरंत बेहोश हो गए और दम घुटने से उनकी मौत हो गई। शवों को निकालने बुलाई गई एसडीईआरएफ की टीम हादसे की खबर लगते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और किरनापुर पुलिस भी पहुंच गई। कुएं में जहरीली गैस का असर होने की वजह से लोग तुरंत अंदर जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। इसके बाद शवों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बालाघाट से एसडीईआरएफ की रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। पखवाड़े भर में चौथी मौत से इलाके में दहशत बालाघाट जिले में पिछले 15 दिनों के भीतर कुएं की जहरीली गैस से मौत का यह तीसरा मामला है और कुल चार लोगों की जान जा चुकी है। इससे पहले 25 जून को सितकुटोला में लक्ष्मण लिल्हारे की और 8 जुलाई को मरारीटोला में अशोक कावरे की भी इसी तरह कुएं की गैस की वजह से मौत हो गई थी। बार-बार हो रहे इन हादसों से मृतकों के परिवारों सहित पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है।
