दमोह जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार शाम बाइक से गुजर रहे एक दंपति पर अचानक एक सूखे पेड़ की भारी-भरकम डाल गिर गई। इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान जबलपुर के दीक्षितपुरा निवासी आशीष जैन (50) और उनकी पत्नी शोभा जैन (45) के रूप में हुई है। दोनों के शवों को दमोह जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। कुंडलपुर से दर्शन कर लौट रहा था परिवार मृतक आशीष जैन के भतीजे शुभम जैन ने बताया कि उनके बुआ और फूफा सोमवार को प्रसिद्ध जैन तीर्थ क्षेत्र कुंडलपुर में बड़े बाबा के दर्शन करने गए थे। वहां से दर्शन लाभ लेकर दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे और सोमवार शाम को उन्हें तेजगढ़ स्थित अपने रिश्तेदार के घर आना था। इसी दौरान रास्ते में परासई गांव के पास वे इस हादसे का शिकार हो गए। किसी ने पेड़ में लगा रखी थी आग, अचानक टूटकर गिरी डाल परिजनों ने बताया कि परासई में एक पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़े एक सूखे पेड़ में किसी अज्ञात व्यक्ति ने आग लगा दी थी। आग की वजह से पेड़ अंदर ही अंदर जलकर खोखला हो चुका था। जैसे ही आशीष जैन अपनी पत्नी के साथ वहां से गुजरे, पेड़ की एक जलती हुई बड़ी डाल अचानक टूटकर सीधे उनके ऊपर आ गिरी। डाल सीधे सिर और शरीर पर गिरने के कारण दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आग लगाने वाले की तलाश कर रही पुलिस हादसे के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से दोनों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां ड्यूटी डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही तेजगढ़ थाना पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंची और परिजनों के बयानों के आधार पर मर्ग कायम कर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मंगलवार सुबह परिजनों की मौजूदगी में शवों का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें अंतिम संस्कार के लिए सौंपा जाएगा। पुलिस पेड़ में आग लगाने वाले अज्ञात आरोपी की भी तलाश कर रही है। वह जबलपुर के दीक्षित पुरा में मेडिकल स्टोर चलाते थे। दंपत्ति का एक बेटा और बेटी है, दोनों की शादी हो चुकी है।
