मध्य प्रदेश के देवास जिले में किसान ने बुधवार दोपहर जहर खाकर सुसाइड कर लिया। वह कुछ समय से आर्थिक दबाव और मानसिक तनाव में था। आत्महत्या से पहले सुनील ने सुसाइड नोट छोड़ा, जिसमें व्यापारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मामला खातेगांव क्षेत्र के ग्राम बमनगांव का है। जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 48 वर्षीय किसान सुनील पवार (विश्नोई) के रूप में हुई है। मौत से पहले का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें किसान कह रहा है कि व्यापारी ने उसे प्रताड़ित किया। व्यापारी की वजह से जहर खाया है। सल्फास खाने के बाद अस्पताल में हुई मौत परिजन के अनुसार, सुनील ने सल्फास का सेवन किया था। हालत बिगड़ने पर उसे खातेगांव के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया। मौत से पहले सुनील ने पुलिस को दिए बयान में कन्नौद के व्यापारी मुकेश कुमार अग्रवाल का नाम लिया। मानसिक प्रताड़ना की बात कही। सुसाइड नोट में 5.62 लाख रुपए का जिक्र पुलिस को मिले सुसाइड नोट में लिखा है कि व्यापारी मुकेश कुमार अग्रवाल पर सुनील के करीब 5 लाख 62 हजार रुपए बकाया थे, जो लंबे समय से नहीं दिए जा रहे थे। आरोप है कि पैसे मांगने पर व्यापारी उसे धमकाता था और मानसिक रूप से परेशान करता था, जिससे वह तनाव में था। ‘श्रीराम ट्रेडर्स’ के जरिए मक्का खरीदी का काम मरने से पहले सुसाइड नोट में लिखा- मुझे मुकेश कुमार अग्रवाल बार-बार मारने की धमकी देता था। मेरे को 5 लाख 62,312 नहीं दे रहा है। मांगने जाता हूं तो गाली देता है। मेरी झूठी रिपोर्ट कन्नौद थाने पर लिखाकर मुझे 29/3/26 को बंद कर दिया। मुकेश के लाइसेंस पर मक्का खरीदी करता था। मुकेश को कमीशन भी देता था। मेरा पूरा पेमेंट इष्टि पूर्व श्रीराम ट्रेडर्स में आता था। इसके मन में रुपए नहीं देने की बेइमानी आ गई। मैंने इससे पहले श्री बालाजी ट्रेडर्स कन्नौद, श्री शिवाय ट्रेडर्स खातेगांव, भवानी ट्रेडर्स खातेगांव में भी खरीदी की थी। वे सभी ईमानदारी से मुझे पेमेंट देते थे। मेरा परिवार बहुत अच्छा है, मुझे उनसे कोई भी शिकायत नहीं है। मेरे जाने के बाद प्रशासन से रिक्वेस्ट है कि उनकी मदद की जाए। मैं सदमे में हूं। समाज में मेरी इज्जत बनी हुई थी। मेरा पूर्व में कोई भी आपराधिक प्रकरण नहीं है, 48 वर्ष की ही उम्र हो गई है। परिजन में आक्रोश, सख्त कार्रवाई की मांग घटना के बाद परिवार में आक्रोश है। परिजन ने आरोपी व्यापारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि प्रताड़ना और पैसा न मिलने के कारण ही सुनील ने यह कदम उठाया। पुलिस जांच में जुटी, अभी FIR दर्ज नहीं खातेगांव के टीआई विजय सिंह लोधी के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और अभी FIR दर्ज नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि सुसाइड नोट और अन्य तथ्यों की जांच के बाद ही आगे कार्रवाई होगी। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। …………………………. यह खबर भी पढ़ें गुना में बेटे के सामने महिला ने खाया जहर गुना जिले के बमोरी इलाके के आतर सूना गांव में 26 वर्षीय महिला ने 5 साल के बेटे के सामने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार रात जहर खाने के बाद महिला को गुना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 2 दिन चले इलाज के बाद शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर…
