बुरहानपुर जिले के मांजरोद गांव के पास गुरुवार को कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में नेपानगर नगर पालिका के दो अस्थायी कर्मचारियों और एक महिला की मौत हो गई। महिला, मृत कर्मचारी मिलीन की मां थीं। खकनार थाना प्रभारी अभिषेक जाधव ने बताया कि गुरुवार दोपहर 1 बजे कार (एमपी 68 झेडबी 4581) ने सामने से बाइक (एमपी 68 झेडडी 0350) को टक्कर मारी। पुलिस के मुताबिक, कार तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही थी। तीनों खकनार से लौट रहे थे
बाइक पर मिलीन पिता भारत गाढ़े (25), उनकी मां बिजला बाई पति भारत गाढ़े (60), निवासी वार्ड नंबर 24, नेपानगर और भीम पिता देवा केसनिया कहार, निवासी संजय नगर, नेपानगर सवार थे। तीनों को गंभीर चोटें आईं और खकनार सरकारी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में मिलीन और बिजला बाई की मौत हो गई। भीम को बुरहानपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां देर शाम उनकी भी मौत हो गई। भीम और मिलीन नेपानगर नगर पालिका में अस्थायी कर्मचारी थे और झाड़ी कटाई का काम करते थे। बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुई
बताया गया कि तीनों किसी काम से खकनार गए थे और लौटते समय हादसा हुआ। टक्कर में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। शंकर पिता बद्दु ठाकरे, निवासी गोपालपुरा फाल्या, ग्राम सिंधखेड़ा की शिकायत पर पुलिस ने कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज किया है। हादसे के बाद से ड्राइवर फरार है।
