भैंसदेही के गुदगांव में जहरीले पदार्थ का सेवन करने से 33 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बुधवार को घर में अकेले रहने के दौरान उसने जहरीला पदार्थ खा लिया था। परिजन उसे बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां आईसीयू में उपचार के दौरान गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई। युवक ने किन परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन किया, इसकी वजह सामने नहीं आई है। मृतक की पहचान शिव पिता सुंदरलाल ठाकरे (33) निवासी गुदगांव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बुधवार को उसके माता-पिता किसी काम से बाहर गए थे। शाम करीब 4 बजे जब वे घर लौटे तो शिव बेहोशी की हालत में मिला। परिजन उसे तत्काल भैंसदेही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए उसे जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया। यहां आईसीयू में भर्ती कर उसका इलाज किया गया, लेकिन गुरुवार सुबह उसने दम तोड़ दिया। पिता सुंदरलाल ने बताया कि शिव बैतूल में पीवीसी फिटिंग का काम करता था। उसकी शादी नहीं हुई थी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जहरीले पदार्थ के सेवन के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
