मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। कलेक्टर ने सिंधिया को कहा- ‘महाराज साहब’
शिवपुरी के नवागत कलेक्टर अर्पित वर्मा चर्चा में आ गए हैं। उन्होंने एक सार्वजनिक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को ‘महाराज साहब’ कहकर संबोधित किया। अगर यह संबोधन किसी समर्थक या कार्यकर्ता ने किया होता, तो शायद इतनी चर्चा नहीं होती। लेकिन जब जिले के प्रशासनिक मुखिया ने मंच से ऐसा कहा, तो लोगों का ध्यान स्वाभाविक रूप से इस ओर गया। दरअसल, सिंधिया शिवपुरी जिले के लुकवासा में जनसुनवाई के लिए पहुंचे थे। वे लोगों से लिए गए आवेदन जमा रहे थे, जबकि पास में कलेक्टर अर्पित वर्मा थैला लेकर खड़े थे, जिसमें आवेदन रखे जा रहे थे। इसी दौरान कलेक्टर ने माइक संभाला और कहा- कोई आवेदक रह गया हो तो तत्काल महाराज साहब को अपना आवेदन दे दें। बस, फिर क्या था- कलेक्टर साहब का यह अंदाज सुर्खियां बटोर गया। अब लोग अपने-अपने नजरिये से इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। गांव के आंगन में कलेक्टर ने ली चैन की नींद
अब बात दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े की, जो सोशल मीडिया पर अक्सर चर्चा में रहते हैं। इस बार उन्होंने कुछ ऐसा किया कि फिर सुर्खियों में आ गए। साहब ने एक गांव में रात बिताई और गांव के आंगन में सुकून भरी नींद लेते नजर आए। दरअसल, कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े और एसपी सूरज कुमार वर्मा एक गांव पहुंचे थे। वहां उन्होंने जन-चौपाल लगाई, ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके साथ भोजन भी किया। इसके बाद दोनों ने गांव में ही रात्रि विश्राम किया। कलेक्टर ने इस पल की तस्वीर खुद अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की। उन्होंने लिखा कि ये तस्वीर सुबह 5 बजे की है। ये सहज पल एक ग्रामवासी ने अपने मोबाइल के कैमरे में कैद कर लिया। ये सिर्फ ठहराव नहीं, बल्कि गांव के जीवन को करीब से महसूस करने का एक सच्चा अनुभव रहा। तस्वीर पर लोगों ने जमकर प्रतिक्रियाएं दीं। ज्यादातर लोगों ने जमीन से जुड़े इस अंदाज की सराहना की। हालांकि, सोशल मीडिया की पैनी नजर कूलर, कंबल, तख्त और बिसलेरी की बोतल पर भी जा टिकी। अब लोग चुटकी ले रहे हैं कि गांव की चौपाल थी, लेकिन इंतजाम पूरे वीआईपी थे.. बस, नींद बिल्कुल देसी थी। ‘मप्र शासन’ लिखी गाड़ी में घूम रहा था ठेकेदार
हमारा एमपी वाकई अजब-गजब है। इसका ताजा नजारा रायसेन में देखने को मिला, जहां एक शराब ठेकेदार ‘मध्य प्रदेश शासन’ लिखी गाड़ी में सड़कों पर फर्राटा भरता नजर आया। निजी गाड़ी पर सरकारी रौब झाड़ने का यह खेल ज्यादा देर नहीं चला। पुलिस की नजर पड़ी तो तुरंत चालान काटा गया। ठेकेदार की जेब भी ढीली हुई और गाड़ी से ‘मध्य प्रदेश शासन’ भी हटवा दिया गया। अब लोग कह रहे हैं कि जिस तरह भगवान के घर देर है, अंधेर नहीं, उसी तरह पुलिस के घर भी देर है, लेकिन अंधेर नहीं। हालांकि सवाल यह भी उठ रहे हैं कि आखिर बिना किसी संरक्षण के कोई इतनी हिम्मत कैसे कर सकता है? बताया ये भी जा रहा है कि यह वाहन पहले आबकारी विभाग से अटैच था, लेकिन कुछ समय पहले उसे हटा दिया गया था। इसके बावजूद ठेकेदार उसी गाड़ी पर सरकारी पहचान का इस्तेमाल कर बेखौफ घूम रहा था। ‘सुनो ससुर जी’ गाने पर जमकर नाचे पूर्व मंत्री
हरदा में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री कमल पटेल का एक वीडियो सामने आया है। इसमें वे ‘सुनो ससुर जी, अब जिद छोड़ो’ गाने पर पूरे उत्साह के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं। दरअसल, कमल पटेल हाल ही में जिले के नीमगांव में एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। डीजे पर गाना बज रहा था, बाराती झूम रहे थे। तभी वहां मौजूद लोगों ने उनसे भी डांस करने का आग्रह किया। फिर क्या था, पूर्व मंत्री ने भी अपना टैलेंट दिखा और अपने अंदाज से महफिल लूट ली। अब उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया जा रहा है। इनपुट सहयोग – कपिल मिश्रा (शिवपुरी), राधावल्लभ मिश्रा (दतिया), देव शाक्य (रायसेन), संदीप पारे (हरदा) ये भी पढ़ें –
शिवराज से बोले सिंधिया- आपके सामने हम फीके हैं: भाजपा विधायक ने निभाया ट्रैफिक पुलिस का रोल भोपाल में मंत्री प्रहलाद पटेल के बेटे की सगाई समारोह में राजनीतिक हस्तियों का जमावड़ा लगा। इस दौरान सियासत के तीन धुरंधर- शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया और कैलाश विजयवर्गीय की मुलाकात खास रही। सिंधिया ने शिवराज और विजयवर्गीय की ड्रेस की तारीफ की और खुद को उनके आगे फीका बताया। पूरी खबर पढ़ें
