मप्र में आज कांग्रेस बड़ा आंदोलन करने जा रही है। पार्टी एमपी से गुजरने वाले आगरा-मुंबई NH 52 पर चक्काजाम करेगी। यह चक्काजाम नेशनल हाईवे के 7 अलग-अलग स्थानों पर किया जाएगा। इसके लिए एमपी कांग्रेस ने स्थान तय कर लिए हैं। इसकी शुरुआत इंदौर से सुबह 10.30 बजे होगी। इंदौर के पिगडंबर पर जीतू पटवारी, हरीश चौधरी मौजूद रहेंगे। कांग्रेस ने प्रदर्शन की पूरी तैयारी कर ली है। एबी रोड पर महाजाम की तैयारी इंदौर कांग्रेस जिलाअध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने बताया कि आंदोलन प्रदेश भर में किया जा रहा है। इसमें पीसीसी चीफ और प्रदेश प्रभारी मौजूद रहेंगे। वानखेड़े ने बताया कि एबी रोड पर व्यापक स्तर पर यह चक्काजाम किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता से लेकर किसान भाई शामिल होंगे। किसानों में काफी उत्साह और आक्रोश भी है। किसान अपने आप को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। किसानों की समस्याओं को लेकर उनके समर्थन में कांग्रेस यह आंदोलन करने जा रही है। कांग्रेसियों ने इसके लिए किसानों को भी बुलाया है। कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने किसानों को पीले चावल बांटकर प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है। पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन और चक्काजाम को देखते हुए यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। राष्ट्रीय राजमार्ग 52 (आगरा-मुंबई मार्ग) पर आवागमन करने वाले सभी प्रकार के वाहनों के लिए डायवर्जन प्लान लागू रहेगा। पुलिस के अनुसार, मानपुर, इंदौर और देवास की ओर आने-जाने वाले चार पहिया वाहनों को राऊ सर्कल, पीथमपुर, भंवरकुआ और विशालत चौराहा मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। वहीं भारी वाहनों के लिए उज्जैन, बदनावर, लेबड़ और महेश्वर-कसरावद मार्ग से वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं। प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और अनावश्यक रूप से जाम वाले क्षेत्र में प्रवेश न करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। खरीदी व्यवस्था पूरी तरह विफल: शर्मा इससे एक दिन पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री ने पीसी शर्मा ने भोपाल में पत्रकारों को बताया कि सरकार की खरीदी व्यवस्था पूरी तरह विफल हो चुकी है। बार-बार खरीदी और स्लॉट बुकिंग की तारीख बढ़ाने से सिस्टम की कमजोरी उजागर हो गई है। खरीदी के शुरुआती 14 दिनों में सिर्फ 9.30 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी हुई है, जिससे किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। किसान स्लॉट बुकिंग, पंजीयन पर्ची अपलोड और भुगतान में देरी जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। कांग्रेस के इस आंदोलन से 11 जिलों के करीब यातायात प्रभावित होने की आशंका है। पार्टी ने इसे किसानों के हित में बड़ा आंदोलन बताया है, जबकि प्रशासन ने भी सुरक्षा और ट्रैफिक मैनेजमेंट की तैयारियां शुरू कर दी हैं। ये खबर भी पढ़ें… महिला आरक्षण के समर्थन में कांग्रेस का पैदल मार्च मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में महिला आरक्षण के मुद्दे पर सियासी संग्राम तेज हो गया है। प्रदेश कांग्रेस ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम और महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग को लेकर प्लेटिनम प्लाजा से रोशपुरा तक पैदल मार्च निकाला। 1 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता पैदल मार्च में शामिल हुए।पूरी खबर पढ़ें
