मुरैना के आजाद नगर में रविवार रात सूरज यादव उर्फ सोनू के घर पर ताबड़तोड़ 16 राउंड फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी राहुल मिश्रा का एक वीडियो सामने आया है। घटना के तीन दिन बाद राहुल ने अपना जुर्म कबूलते हुए सोनू यादव पर सूदखोरी और गुंडागर्दी के आरोप लगाए हैं। आरोपी ने पुलिस पर भी आरोप लगाते हुए कहा है कि उसके माता-पिता को परेशान करने के बजाय उसका एनकाउंटर कर दे। करीब 3 मिनट 20 सेकेंड के इस वीडियो में राहुल मिश्रा ने घटना की पूरी वजह बताई है। आरोपी ने कहा कि उसने सोनू से कुछ रुपए उधार लिए थे, जिन्हें 2 प्रतिशत ब्याज के साथ लौटा दिया था। इसके बावजूद सोनू 20 प्रतिशत ब्याज की मांग कर रहा था। राहुल के मुताबिक, जब उसने अतिरिक्त ब्याज देने से मना किया, तो सोनू ने उसके साथ मारपीट की और जबरन उसकी कार का एग्रीमेंट करवा लिया। इसकी शिकायत स्टेशन रोड थाने में की गई, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। ‘गुंडों के साथ मिलकर छीनी कार, तब उठाना पड़ा कदम’
वीडियो में राहुल ने बताया कि पुलिस में शिकायत के बावजूद उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उसने कहा, सोनू यादव मुझसे कहता था कि हम बहुत पैसे वाले और पावरफुल हैं, पुलिस तेरी नहीं सुनेगी। मैंने मंगलवार को जनसुनवाई में एसपी महोदय से भी शिकायत की थी, जिसकी पावती मेरे पास है। राहुल ने आगे कहा, 22 जून की रात 9:30 बजे गणेशपुरा पुलिया के पास सोनू 10-15 गुंडे लेकर आया। उसने मेरी मारपीट की और जबरन कार छीन ले गया। मैंने डायल 100 पर फोन किया, लेकिन 20 मिनट तक कोई नहीं आया। तब मुझे समझ आ गया कि पुलिस सोनू यादव से मिली हुई है और मुझे खुद ही न्याय के लिए लड़ना पड़ेगा। इसके बाद मैंने रात 10:55 पर इस घटना को अंजाम दिया। ‘खुद सुसाइड करूंगा या सूदखोर का अंत करूंगा’
आरोपी ने वीडियो में पुलिस प्रशासन को सीधी चुनौती दी है। उसने कहा, अब पुलिस इतनी एक्टिव हो गई है कि मेरे मां-बाप को परेशान कर रही है। अपराध राहुल मिश्रा ने किया है, मेरा एनकाउंटर करो। मैं खुद सुसाइड करूंगा या उस सूदखोर का अंत करूंगा। इन दोनों में से मैं एक चीज करूंगा। राहुल ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उसे या सोनू यादव को कुछ होता है, तो उसका जिम्मेदार सिर्फ मुरैना पुलिस प्रशासन होगा। उसने मांग की है कि सोनू के खिलाफ मारपीट की एफआईआर दर्ज हो और उसकी कार वापस दिलाई जाए। 2 मिनट में किए थे 16 फायर, चार पर दर्ज हुआ था केस
गौरतलब है कि रविवार रात 10:55 बजे दो बाइकों पर आए चार नकाबपोश बदमाशों ने आजाद नगर स्थित सोनू यादव के घर पर 2 मिनट के भीतर 16 राउंड फायर किए थे। घटना के अगले दिन कोतवाली पुलिस ने इस मामले में राहुल मिश्रा को नामजद करते हुए तीन अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। राहुल का वीडियो सामने आने के बाद अब पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वारदात से जुड़ी तस्वीरें देखिए… हमारे पास नहीं आई शिकायत- थाना प्रभारी
राहुल मिश्रा द्वारा स्टेशन रोड पुलिस की कार्यप्रणाली पर लगाए गए गंभीर आरोपों पर अधिकारियों ने अपनी सफाई दी है। स्टेशन रोड थाना प्रभारी एसआई संजय बरैया ने बताया, आरोपी ने जो आवेदन दिया था, वह तत्कालीन थाना प्रभारी टीआई कुलदीप राजपूत को दिया गया था। मेरे पास कोई आवेदन नहीं आया। यदि मेरे पास शिकायत आती, तो मैं निश्चित रूप से वैधानिक कार्रवाई करता।
